PF Account पर मिल रहा 7 लाख रुपये तक का मुफ्त बीमा, जानिए EDLI स्कीम का पूरा फायदा और नियम
नई दिल्ली। हर महीने सैलरी से कटने वाला पीएफ सिर्फ रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली जमा पूंजी ही नहीं है, बल्कि इससे जुड़ा एक बड़ा फायदा और भी है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। दरअसल, पीएफ अकाउंट होल्डर्स को 7 लाख रुपये तक का लाइफ इंश्योरेंस कवर भी मिलता है, वह भी बिना कोई प्रीमियम चुकाए।
ईपीएफओ की EDLI स्कीम क्या है
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने सदस्यों को ईडीएलआई यानी Employee Deposit Linked Insurance Scheme के तहत यह बीमा सुविधा देता है। यह स्कीम खास तौर पर पीएफ से जुड़े कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए बनाई गई है।
बिना एक रुपये खर्च किए मिलता है बीमा
इस बीमा का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसके लिए कर्मचारी को अपनी जेब से एक भी रुपया नहीं देना पड़ता। ईडीएलआई स्कीम का पूरा प्रीमियम नियोक्ता यानी कंपनी द्वारा वहन किया जाता है, जिससे कर्मचारी को अपने आप यह कवर मिल जाता है।
कितना मिलता है इंश्योरेंस कवर
ईडीएलआई स्कीम के तहत न्यूनतम 2.5 लाख रुपये और अधिकतम 7 लाख रुपये तक का बीमा कवर दिया जाता है। बीमा राशि का निर्धारण कर्मचारी की पिछले 12 महीनों की सैलरी और पीएफ खाते में जमा रकम के आधार पर किया जाता है।
अप्लाई करने की जरूरत नहीं
इस बीमा के लिए किसी तरह का अलग से आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होती। जैसे ही आप किसी कंपनी में नौकरी जॉइन करते हैं और आपका पीएफ अकाउंट खुलता है, उसी समय से आप इस इंश्योरेंस स्कीम के लिए स्वतः पात्र हो जाते हैं।
कब और किसे मिलेगा बीमा का लाभ
ईडीएलआई स्कीम का लाभ कर्मचारी की मृत्यु की स्थिति में दिया जाता है। यह कवर कार्यस्थल पर या बाहर, दोनों ही परिस्थितियों में लागू होता है। कर्मचारी के निधन के बाद यह राशि उसके नामित व्यक्ति या परिवार को प्रदान की जाती है, जिससे मुश्किल समय में आर्थिक सहारा मिल सके।
