डायबिटीज से हार्ट हेल्थ तक: किस बीमारी में कितनी देर वॉक जरूरी, जानिए सही टाइमिंग का मेडिकल फॉर्मूला

how-long-walk-23-02-2026-1771837290

स्वस्थ जीवनशैली के लिए वॉक को सबसे सरल और असरदार एक्सरसाइज माना जाता है। नियमित पैदल चलने से वजन नियंत्रित रहता है, शरीर सक्रिय रहता है और कई गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है। विशेषज्ञों के अनुसार अलग-अलग स्वास्थ्य स्थितियों में वॉक की अवधि और गति भी अलग होनी चाहिए, तभी इसका पूरा लाभ मिलता है।

डायबिटीज मरीजों के लिए वॉक का सही समय
डायबिटीज से पीड़ित लोगों को रोजाना वॉक की आदत बनानी चाहिए। विशेषज्ञ मानते हैं कि प्रतिदिन लगभग 10,000 कदम चलना ब्लड शुगर नियंत्रण में मदद करता है। यदि इतनी वॉक संभव न हो तो कम से कम 30 मिनट रोज चलना जरूरी है। औसतन 6,400 कदम या लगभग 3–4 किलोमीटर तेज चाल से चलना शुगर कंट्रोल में सहायक माना जाता है। सप्ताह में कम से कम 5 दिन वॉक करने से बेहतर परिणाम मिलते हैं।

दिल को स्वस्थ रखने के लिए कितना चलना जरूरी
हृदय रोग से बचाव के लिए नियमित ब्रिस्क वॉक बेहद फायदेमंद है। कार्डियोलॉजी विशेषज्ञों के अनुसार सप्ताह में करीब 200 मिनट की तेज चाल से वॉक दिल को मजबूत बनाती है। इसका मतलब है सप्ताह में 5 दिन लगभग 40 मिनट चलना, जिसमें 5 मिनट वार्म-अप और 5 मिनट कूल-डाउन शामिल होना चाहिए। इससे हार्ट अटैक और अन्य हृदय रोगों का खतरा कम हो सकता है।

वजन घटाने के लिए वॉक की सही अवधि
अगर लक्ष्य वजन कम करना है तो रोज 45 मिनट से 1 घंटे तक ब्रिस्क वॉक करनी चाहिए। ऐसी स्पीड रखें जिससे हल्का पसीना आए। प्रतिदिन 10,000 कदम का लक्ष्य वजन घटाने में मददगार माना जाता है। दूरी के हिसाब से देखें तो करीब 5 किलोमीटर जॉगिंग या तेज चाल से चलना मोटापा कम करने में प्रभावी हो सकता है। हालांकि वॉक की तीव्रता उम्र और फिटनेस स्तर के अनुसार तय करनी चाहिए। 50 वर्ष से अधिक आयु वालों को तेज चाल की बजाय सामान्य गति से चलना बेहतर रहता है।

 

एक नज़र