दादी ने पूछा- जहाज हवा में कैसे उड़ता है? पोते ने कुछ ही घंटों में करा दी पहली फ्लाइट, भावुक कर रहा वीडियो

3li81qe_dadi-first-flight_625x300_11_March_26

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद भावुक और दिल छू लेने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक बुजुर्ग दादी अपनी जिंदगी की पहली हवाई यात्रा करती नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि उनका यह छोटा सा सपना उनके पोते ने पूरा किया। दादी की पहली उड़ान का यह खूबसूरत पल कैमरे में कैद हो गया, जिसे देखने के बाद लोग भावुक हो रहे हैं और इस पहल की खूब सराहना कर रहे हैं।

यह वीडियो इंस्टाग्राम पर रवि राज राजपुरोहित नाम के यूजर ने साझा किया है। वीडियो में उन्होंने अपनी दादी को पहली बार फ्लाइट में बैठाने से लेकर पूरे सफर का अनुभव दिखाया है। दादी के चेहरे पर दिखाई देने वाली खुशी और उत्साह ने इस वीडियो को और भी खास बना दिया है।

एक सवाल से शुरू हुआ खास सफर

वीडियो के साथ लिखे टेक्स्ट के मुताबिक, यह पूरा सफर एक छोटे से सवाल से शुरू हुआ। बताया गया कि सुबह के समय दादी ने खिड़की से आसमान में उड़ता हुआ हवाई जहाज देखा और जिज्ञासा में अपने पोते से पूछ लिया कि आखिर यह जहाज हवा में कैसे उड़ता है। दादी के इस सवाल ने पोते को इतना प्रेरित किया कि उसने उसी दिन उनका सपना पूरा करने का फैसला कर लिया।

कुछ ही घंटों के भीतर वह अपनी दादी को एयरपोर्ट लेकर पहुंच गया और उन्हें उनकी जिंदगी की पहली हवाई यात्रा पर ले गया। वीडियो में दादी को एयरपोर्ट पर चलते हुए, विमान में चढ़ते हुए और फ्लाइट के अंदर बैठकर इस नए अनुभव का आनंद लेते हुए देखा जा सकता है।

पोते ने कैप्शन में लिखी दिल छू लेने वाली बात

वीडियो साझा करते हुए रवि राज राजपुरोहित ने कैप्शन में लिखा कि कुछ सपनों की कोई उम्र नहीं होती। आज दादी ने अपनी पहली उड़ान भरी। इस भावुक संदेश ने वीडियो को और भी खास बना दिया और लोगों के दिलों को छू लिया।

सोशल मीडिया पर मिल रहा जबरदस्त प्यार

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हजारों लोगों ने इस पर भावुक प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा कि जिन्होंने हमें चलना सिखाया, आज वे आसमान में उड़ रही हैं। वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि इंटरनेट पर ऐसी सकारात्मक और खुशी देने वाली कहानियां ज्यादा देखने को मिलनी चाहिए।

कई लोगों ने पोते की इस पहल की जमकर तारीफ की और कहा कि किसी बुजुर्ग का छोटा सा सपना पूरा करना जीवन के सबसे खूबसूरत अनुभवों में से एक होता है। यह वीडियो लोगों को याद दिला रहा है कि सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए उम्र कभी भी बाधा नहीं बनती।

 

एक नज़र