होली से पहले अलर्ट मोड में रेलवे: GM राजेश कुमार पांडे ने नई दिल्ली स्टेशन का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा-व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Image 2026-02-21 at 7.18.54 PM

होली के मद्देनज़र बढ़ती भीड़ और यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडे ने आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। त्यौहार के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने स्टेशन परिसर में किए गए इंतज़ामों की विस्तृत समीक्षा की।

अजमेरी गेट से प्लेटफॉर्म तक व्यवस्थाओं की जांच

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने अजमेरी गेट की ओर स्थित प्रवेश द्वार, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पर भीड़भाड़ प्रबंधन की स्थिति का मूल्यांकन किया और स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं को लेकर यात्रियों से सीधे संवाद भी किया। यात्रियों से बातचीत के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्लेटफॉर्म नंबर 16 के मिनी कंट्रोल रूम का भी किया दौरा

श्री पांडे ने प्लेटफॉर्म संख्या 16 पर स्थापित मिनी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए होली के दौरान यात्रियों की संभावित आवाजाही की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने संचालन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दिया।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में समीक्षा

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक दिल्ली श्री पुष्पेश रमन त्रिपाठी, पीसीसीएम उत्तर रेलवे श्री प्रवीण पांडे, पीसीएससी/आरपीएफ श्री पंकज गंगवार, पीसीई श्री प्रेम शंकर गुप्ता सहित दिल्ली मंडल के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों के साथ मिलकर महाप्रबंधक ने व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

‘यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता’

महाप्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडे ने कहा कि त्योहार के दौरान भारी भीड़ के बावजूद यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा, “यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। होली के त्यौहार के दौरान यात्रियों की संख्या में होने वाली वृद्धि को देखते हुए उत्तर रेलवे रोज़ चलने वाली ट्रेनों के अतिरिक्त त्यौहार विशेष ट्रेनें भी संचालित कर रहा है।”

लाखों यात्रियों के लिए सुगम और सुरक्षित यात्रा का भरोसा

उन्होंने भरोसा जताया कि रेलवे द्वारा की गई इन व्यापक व्यवस्थाओं से होली के अवसर पर यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सेवाओं की निरंतर निगरानी की जाए और यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुधार सुनिश्चित किया जाए।

 

एक नज़र