India-Nepal Border Sealed: नेपाल चुनाव से पहले 72 घंटे के लिए सील रहेगी भारत-नेपाल सीमा, SSB की हाईलेवल बैठक

India-Nepal-Border-1772525856014_v

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड में नेपाल चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नेपाल में होने वाले चुनाव के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा को 72 घंटे के लिए सील करने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने सीमावर्ती इलाके में ग्राम समन्वय बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

फतेहपुर सीमा चौकी पर हुई बैठक

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के फतेहपुर स्थित सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी पर ग्राम समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता 12वीं वाहिनी किशनगंज के उपकमांडेंट सुस्वपन कुंडु और समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट जगदेव सिंह ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में मुखिया प्रतिनिधि सहजाद आलम, वार्ड सदस्य अरुण शर्मा समेत सीमावर्ती गांवों के कई ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने नेपाल चुनाव के दौरान सीमा क्षेत्र में शांति और सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया।

72 घंटे पहले से सील रहेगी सीमा

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, तस्करी या असामाजिक तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए विशेष चौकसी बरती जाएगी। उपकमांडेंट सुस्वपन कुंडु ने बताया कि सोमवार रात से 72 घंटे के लिए भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह सील रहेगी।

उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। आम नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत SSB या स्थानीय प्रशासन को दें।

ग्रामीणों के साथ मजबूत होगा सूचना तंत्र

सहायक कमांडेंट जगदेव सिंह ने कहा कि सीमावर्ती जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना प्राथमिकता है। तस्करी और अवैध आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए ग्रामीणों के साथ सूचना आदान-प्रदान तंत्र को और सशक्त किया जाएगा। समय पर सूचना मिलने से त्वरित कार्रवाई संभव होती है।

बैठक में यह सहमति बनी कि चुनाव अवधि के दौरान संयुक्त रणनीति के तहत समन्वय बढ़ाया जाएगा। ग्रामीणों ने भी सुरक्षा बलों को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

 

एक नज़र