India–Nepal Trade Festival: 20 फरवरी से दिल्ली में सजेगा कारोबार और संस्कृति का साझा मंच

india-nepal_64bbb5d0687970b28e71

नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में एक अहम पहल होने जा रही है। 20 फरवरी से 22 फरवरी तक दिल्ली में इंडो–नेपाल ट्रेड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन का उद्देश्य न केवल दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देना है, बल्कि सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को भी और गहरा करना है।

फेस्टिवल में भारत और नेपाल के हथकरघा उत्पादों के साथ-साथ विभिन्न पारंपरिक और व्यावसायिक वस्तुएं आम लोगों के लिए उपलब्ध होंगी। इसके अलावा हिमालयी क्षेत्र में पाई जाने वाली औषधीय जड़ी-बूटियां और प्राकृतिक उत्पाद भी बिक्री के लिए प्रदर्शित किए जाएंगे।

व्यापार के साथ सांस्कृतिक जुड़ाव पर जोर
आयोजकों के मुताबिक यह ट्रेड फेस्टिवल केवल कारोबारी लेन-देन तक सीमित नहीं रहेगा। कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने पर भी विशेष फोकस किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।

उच्चस्तरीय भागीदारी की तैयारी
इंडो-नेपाल ट्रेड संगठन के अध्यक्ष डॉ. युबराज बराल ने बताया कि इस आयोजन के जरिए दोनों देशों के आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फेस्टिवल में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ-साथ नेपाल सरकार के मंत्री और कई वरिष्ठ अधिकारी भी शिरकत करेंगे।

दो देशों के रिश्तों को नई दिशा देने की पहल
आयोजकों का मानना है कि यह ट्रेड फेस्टिवल दोनों देशों के उद्यमियों, कारीगरों और उपभोक्ताओं को एक साझा मंच प्रदान करेगा। इससे न केवल व्यापारिक अवसर बढ़ेंगे, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संवाद को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

 

एक नज़र