कुशीनगर को मिली बड़ी सौगात: सेवरही में बनेगा नया बस स्टेशन, 2.83 करोड़ की मंजूरी, 1 करोड़ की पहली किस्त जारी

_1669480051

लखनऊ। कुशीनगर जिले के तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सेवरही को बड़ी बुनियादी सौगात मिलने जा रही है। यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस नया बस स्टेशन बनाया जाएगा, जिसके लिए शासन स्तर से औपचारिक मंजूरी मिल चुकी है। परिवहन विभाग ने इस परियोजना के लिए कुल 283.64 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहले चरण के तहत एक करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।

नया बस स्टेशन कन्स्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (उत्तर प्रदेश जल निगम) के माध्यम से तैयार किया जाएगा। पहले तैयार की गई डीपीआर में इसकी लागत 309.26 लाख रुपये आंकी गई थी, लेकिन तकनीकी जांच और परीक्षण के बाद गठित समिति ने लागत में संशोधन करते हुए 283.64 लाख रुपये को अंतिम रूप से उचित माना।

लागत में कटौती के बाद मिली अंतिम स्वीकृति

डीपीआर की समीक्षा के दौरान निर्माण से जुड़ी तकनीकी और वित्तीय बिंदुओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। इसके बाद अनावश्यक खर्च को हटाते हुए बजट को कम किया गया, जिससे सरकारी धन का संतुलित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके। संशोधित प्रस्ताव को शासन की हरी झंडी मिलते ही परियोजना के क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो गया।

दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाओं का प्रावधान

बस स्टेशन के डिजाइन में दिव्यांगजनों की जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है। रैंप, सुगम प्रवेश मार्ग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल की जाएंगी, ताकि सभी यात्री बिना किसी परेशानी के बस स्टेशन का उपयोग कर सकें। यह परियोजना पीपीपी मॉडल पर नहीं, बल्कि पूरी तरह सरकारी माध्यम से विकसित की जाएगी।

आवागमन होगा आसान, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा बल

सेवरही में बस स्टेशन बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक प्रतीक्षालय उपलब्ध होगा। इससे ग्रामीण और कस्बाई इलाकों का सीधा संपर्क न सिर्फ जिला मुख्यालय बल्कि प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी और मजबूत होगा, जिससे व्यापार, रोजगार और दैनिक आवागमन को नई गति मिलेगी।

 

एक नज़र