Nepal Elections: विरोध प्रदर्शनों के बाद नेपाल में पहला आम चुनाव, 1.89 करोड़ मतदाता आज करेंगे सरकार का फैसला

untitled-design1

काठमांडू। नेपाल में पिछले वर्ष हुए ‘जेन जेड’ विरोध प्रदर्शनों के बाद पहली बार आम चुनाव कराए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से देशभर में मतदान शुरू हो गया है। इस चुनाव में 1.89 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर नई सरकार की दिशा तय करेंगे।

पिछले साल हुए हिंसक ‘जेन जेड’ प्रदर्शनों के बाद नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव आया था और तत्कालीन प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी। उसी के बाद देश में आम चुनाव कराने का फैसला लिया गया था। अब इन चुनावों को नेपाल की राजनीतिक स्थिरता के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

प्रतिनिधि सभा की 275 सीटों के लिए चुनाव

नेपाल की 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा के लिए चुनाव कराया जा रहा है। इनमें से 165 सीटों पर प्रत्यक्ष मतदान के जरिए प्रतिनिधि चुने जाएंगे, जबकि 110 सीटों पर अनुपातिक प्रणाली के माध्यम से उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

प्रत्यक्ष मतदान वाली 165 सीटों के लिए कुल 3,406 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं अनुपातिक प्रणाली वाली 110 सीटों के लिए 3,135 उम्मीदवार चुनावी मुकाबले में हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हो चुका है और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।

मतदान के बाद तुरंत शुरू होगी मतगणना

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को एकत्र किया जाएगा और उसके तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी। चुनाव से एक दिन पहले आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कार्यवाहक निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने देश के मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील भी की।

तीन लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात

चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे नेपाल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। निर्वाचन आयोग के अनुसार सेना के समन्वय से एकीकृत सुरक्षा योजना लागू की गई है, जिसके तहत तीन लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

निर्वाचन आयोग ने उम्मीद जताई है कि बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएंगे।

 

एक नज़र