Nepal Facts: नेपाल के 10 अजब–गजब फैक्ट्स, जिन्हें जानकर चौंक जाएंगे आप, आज ही जान लें
भारत का पड़ोसी देश नेपाल इन दिनों हालात को लेकर सुर्खियों में है और सोशल मीडिया पर नेपाल से जुड़े अपडेट्स पर दुनिया भर की नजर बनी हुई है। ऐसे में नेपाल से जुड़े कुछ ऐसे अनोखे और हैरान करने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं, जिन्हें जानकर लोग हैरानी जता रहे हैं। आमतौर पर लोग नेपाल को हिमालय, मंदिरों, संस्कृति और शांत देश के तौर पर जानते हैं, लेकिन इसके अलावा भी नेपाल से जुड़े कई ऐसे फैक्ट्स हैं, जिनके बारे में 99 प्रतिशत लोग नहीं जानते। आइए जानते हैं नेपाल को खास बनाने वाले 10 अजब–गजब तथ्य।
भगवान बुद्ध का जन्मस्थान है नेपाल
नेपाल को भगवान बुद्ध की जन्मभूमि माना जाता है। सिद्धार्थ गौतम, जिन्हें बाद में भगवान बुद्ध के नाम से जाना गया, का जन्म 623 ईसा पूर्व लुंबिनी में हुआ था। लुंबिनी को वर्ष 1997 में यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया, जिसके बाद इसका वैश्विक महत्व और भी बढ़ गया।
दुनिया का इकलौता त्रिभुजाकार राष्ट्रीय ध्वज
दुनिया के लगभग सभी देशों के झंडे चौकोर या आयताकार होते हैं, लेकिन नेपाल एकमात्र ऐसा देश है, जिसका राष्ट्रीय ध्वज त्रिभुज के आकार का है। खास बात यह है कि इसमें दो त्रिभुज होते हैं। ऊपरी त्रिभुज में चंद्रमा और निचले त्रिभुज में सूर्य का प्रतीक बना है, जो हिंदू और बौद्ध धर्म का प्रतिनिधित्व करता है।
कभी गुलाम नहीं रहा नेपाल
नेपाल उन चुनिंदा देशों में शामिल है, जिस पर कभी किसी विदेशी शक्ति का शासन नहीं रहा। यही कारण है कि नेपाल में कोई स्वतंत्रता दिवस नहीं मनाया जाता। साल 2008 में नेपाल एक संघीय लोकतांत्रिक गणराज्य बना।
2015 में लागू हुआ नया संविधान
नेपाल का वर्तमान संविधान 20 सितंबर 2015 को लागू हुआ था। इस संविधान में कुल 308 अनुच्छेद, 35 भाग और 9 अनुसूचियां शामिल हैं। यह 1948 के बाद नेपाल का सातवां संविधान माना जाता है।
कभी झील हुआ करती थी राजधानी काठमांडू
धार्मिक मान्यताओं और ऐतिहासिक कथाओं के अनुसार नेपाल की राजधानी काठमांडू कभी एक विशाल झील थी। कहा जाता है कि झील का पानी निकालने के बाद यहां सभ्यता का विकास हुआ। कुछ शोधों में यह भी माना गया है कि जलवायु परिवर्तन के कारण यह झील धीरे-धीरे सूख गई।
वॉलीबॉल है राष्ट्रीय खेल
23 मई 2017 को वॉलीबॉल को नेपाल का राष्ट्रीय खेल घोषित किया गया था। इससे पहले दांडी बियो जैसे पारंपरिक खेलों को राष्ट्रीय खेल का दर्जा प्राप्त था।
राष्ट्रीय मिठाई है ‘योमरी’
चावल के आटे से बनने वाली पारंपरिक मिठाई ‘योमरी’ को नेपाल की राष्ट्रीय मिठाई माना जाता है। यह खासतौर पर न्यूवार समुदाय द्वारा योमरी पूजा के अवसर पर बनाई जाती है।
हफ्ते में सिर्फ एक दिन छुट्टी
नेपाल दुनिया के उन गिने-चुने देशों में शामिल है, जहां सप्ताहांत सिर्फ एक दिन का होता है। नेपाल में रविवार नहीं बल्कि शनिवार को आधिकारिक साप्ताहिक अवकाश रहता है।
हाथियों पर खेला जाता है पोलो
नेपाल में एक अनोखा खेल एलिफेंट पोलो भी खेला जाता है। इसमें खिलाड़ी हाथियों पर सवार होकर पोलो खेलते हैं। इस खेल में मानक पोलो बॉल और लंबी बेंत का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसे बेहद खास बनाता है।
गोहत्या पर 12 साल तक की सजा
भारत की तरह नेपाल में भी गोहत्या को गंभीर अपराध माना जाता है। नेपाल में गोहत्या करने पर 12 साल तक की जेल का प्रावधान है। बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल के संखुवासभा जिले में गोहत्या के एक मामले में दोषी महिला को कड़ी सजा सुनाई गई थी।
