T20 World Cup में नेपाल का ऐतिहासिक पल: 12 साल बाद मिली जीत, वानखेड़े में स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हराया
मुंबई। नेपाल ने टी20 विश्व कप में 12 साल से चले आ रहे जीत के सूखे को खत्म करते हुए बड़ा उलटफेर किया है। ग्रुप C के औपचारिक मुकाबले में नेपाल ने स्कॉटलैंड को सात विकेट से शिकस्त दी। वानखेड़े स्टेडियम में 19 हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी में नेपाल ने प्रभावशाली प्रदर्शन के साथ अपना अभियान जीत के साथ समाप्त किया।
170 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवर में किया हासिल
स्कॉटलैंड को सात विकेट पर 170 रन पर रोकने के बाद नेपाल ने तीन विकेट खोकर 171 रन बना लिए और मुकाबला 19.2 ओवर में अपने नाम कर लिया। यह नेपाल की 2014 के बाद टी20 विश्व कप में पहली जीत है। इससे पहले अपने डेब्यू विश्व कप में नेपाल ने अफगानिस्तान और नीदरलैंड को हराया था, लेकिन उसके बाद से टीम को जीत नहीं मिली थी।
ऐरी बने हीरो, चौथे विकेट के लिए अटूट साझेदारी
मैच के हीरो रहे ऐरी, जिन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने 23 गेंदों में नाबाद पारी खेलते हुए तीन छक्के और चार चौके जड़े। गुलशन झा (नाबाद 24) के साथ उन्होंने चौथे विकेट के लिए 73 रन की अटूट साझेदारी कर नेपाल की जीत पर मुहर लगा दी। जीत के बाद नेपाली खिलाड़ियों ने मैदान का चक्कर लगाकर दर्शकों का अभिवादन किया।
माइकल जोन्स की तेजतर्रार पारी भी नहीं दिला सकी जीत
इससे पहले स्कॉटलैंड की ओर से माइकल जोन्स ने 71 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 45 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाए और जॉर्ज मुन्सी के साथ पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। हालांकि अन्य बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके, फिर भी टीम ने सपाट पिच पर चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
लीस्क की गेंदबाजी से लौटी स्कॉटलैंड की उम्मीद
लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल की शुरुआत धीमी रही, लेकिन भुर्तेल और आसिफ शेख (33) ने बड़े शॉट लगाकर दबाव कम किया। इसके बाद माइकल लीस्क ने 30 रन देकर तीन विकेट झटकते हुए स्कॉटलैंड की वापसी की कोशिश की। उन्होंने भुर्तेल, आसिफ शेख और कप्तान रोहित पौडेल (16) को पवेलियन भेजा, लेकिन ऐरी के आक्रामक तेवरों ने मैच नेपाल के पक्ष में मोड़ दिया।
नेपाल की सधी गेंदबाजी से थमी स्कॉटलैंड की रफ्तार
नेपाल की ओर से सोमपाल कामी ने 25 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि नंदन यादव ने 34 रन देकर दो विकेट चटकाए। 16वें ओवर में जोन्स के आउट होते ही स्कॉटलैंड की पारी की रफ्तार थम गई और टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।
सुपर-8 से पहले ही बाहर थीं दोनों टीमें
गौरतलब है कि नेपाल और स्कॉटलैंड दोनों ही टीमें पहले ही सुपर-8 की दौड़ से बाहर हो चुकी थीं। इस ग्रुप से वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने अगले चरण में जगह बनाई। दोनों टीमों ने चार-चार मैचों में एक-एक जीत के साथ टूर्नामेंट का समापन किया।
