पीएम मोदी आज मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर का करेंगे उद्घाटन, ₹12,930 करोड़ की परियोजनाओं को देंगे गति

namo-bharat-ani-1771744199

मेरठ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कुछ ही देर में मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर वह कुल ₹12,930 करोड़ की विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री मेरठ के शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर संचालन की शुरुआत करेंगे।

मेरठ मेट्रो में सफर कर लेंगे परियोजना का जायजा
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री शताब्दी नगर स्टेशन से मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो में सफर करेंगे और परियोजना का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां क्षेत्रीय विकास, शहरी परिवहन व्यवस्था और केंद्र सरकार की इंफ्रास्ट्रक्चर योजनाओं पर जोर देने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी को मिलेगा बड़ा लाभ
मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन के शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन और अधिक सुगम होने की उम्मीद है। इस कॉरिडोर के संचालन से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी, जिससे दैनिक सफर में समय की बचत होगी।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और दिल्ली के LG मौके पर मौजूद
उद्घाटन कार्यक्रम से पहले केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री आज भारत के पहले नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के शेष हिस्सों का भी उद्घाटन करेंगे।

इन सेक्शनों की होगी शुरुआत
उद्घाटन के तहत दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच 5 किलोमीटर का सेक्शन और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर लंबे सेक्शन की शुरुआत होगी। सराय काले खां स्टेशन इस कॉरिडोर का ओरिजिनेटिंग स्टेशन होगा और यह आज शुरू होने वाले चार नए नमो भारत स्टेशनों में शामिल है।

 

एक नज़र