मकर संक्रांति पर कंपकंपाती सर्दी का कहर: दिल्ली-यूपी समेत 6 राज्यों में शीतलहर, 4 राज्यों में बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली। मकर संक्रांति के पर्व पर जहां देशभर में उत्तरायण का उत्सव मनाया जा रहा है, वहीं मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत में सर्द हवाओं का प्रकोप जारी है, जबकि दक्षिण और तटीय इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत में शीतलहर और घना कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब से लेकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक शीतलहर का असर बना रहेगा। सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी के साथ पाला पड़ने का अनुमान है। पंजाब के अंबाला, पंचकूला और चंडीगढ़ में भी ठंडी हवाओं के साथ हल्का कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट
दिल्ली और एनसीआर के कई जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज राजधानी में हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। IMD के मुताबिक, दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दोपहर के समय 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की आशंका है।
राजस्थान में भीषण ठंड से बेहाल लोग
राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। कई इलाकों में तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगले 24 घंटे तक राज्य में शीतलहर और हल्के कोहरे का असर बना रह सकता है।
यूपी में ठंड और कोहरे का डबल अटैक
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण ठंड का कहर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर, सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और शाहजहांपुर में ठंड और कोहरे की चेतावनी जारी की है। सुबह हल्का कोहरा छाए रहने के बाद दिन में धूप तो निकलेगी, लेकिन ठंडी हवाएं लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर करेंगी।
एमपी और बिहार में भी सर्दी का असर
मध्य प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। खासतौर पर सुबह और शाम के समय तेज ठंड से लोगों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
इन 4 राज्यों में बारिश का अनुमान
IMD ने तमिलनाडु के साथ-साथ केरल, कर्नाटक और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
