नेपाल में दर्दनाक सड़क हादसा: पैसेंजर बस त्रिशूली नदी में गिरी, 6 महिलाओं समेत 18 की मौत; 27 घायल

Nepal-Bus-Accident-1771815095936_v

नई दिल्ली। पड़ोसी देश नेपाल में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस धादिंग जिले में नदी में जा गिरी, जिसमें 6 महिलाओं समेत कुल 18 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 27 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

यह दुर्घटना उस समय हुई जब बस त्रिशूली नदी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

रात 1:15 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक बस सोमवार सुबह करीब 1:15 बजे बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगर पालिका के वार्ड-3 स्थित चरौंडी के पास चिनाधारा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुई। बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और सीधे नदी में जा गिरी।

धादिंग के जिला ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की है कि मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

6 महिलाएं और 12 पुरुषों की मौत, 27 घायल

अधिकारियों के अनुसार इस दुर्घटना में 6 महिलाओं और 12 पुरुषों की जान गई है। कुल 27 यात्रियों को जिंदा बचाया गया, जिनमें 8 महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

300 मीटर नीचे गिरी बस, बुरी तरह क्षतिग्रस्त

बस पृथ्वी हाईवे पर चल रही थी। रात करीब 1 बजे धादिंग जिले के बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगर पालिका-5 के भैसेपाटी इलाके के पास वाहन अचानक सड़क से फिसल गया।

बताया जा रहा है कि बस करीब 300 मीटर गहरी ढलान से नीचे जा गिरी और नदी किनारे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली। हादसा रात के अंधेरे में हुआ, जिससे राहत कार्य में काफी मुश्किलें आईं।

सेना और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना के तुरंत बाद Nepal Army, Armed Police Force Nepal, Nepal Police और स्थानीय लोगों की मदद से बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक रात में घटना होने और दुर्गम इलाके की वजह से बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

 

एक नज़र