पश्चिम बंगाल चुनाव: भवानीपुर में ममता बनर्जी बनाम सुवेंदु अधिकारी, नंदीग्राम में भी दिलचस्प मुकाबला तय

west-bengal-4-1-1773746850

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव आयोग ने 294 सीटों पर दो चरणों में मतदान की घोषणा की है, जिसके तहत 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी, जबकि 4 मई 2026 को मतगणना कराई जाएगी। तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य में राजनीतिक दलों ने अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं।

बीजेपी और टीएमसी ने जारी की उम्मीदवारों की सूची

चुनाव की घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी ने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 294 में से 291 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है, जबकि तीन सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी गई हैं।

भवानीपुर सीट पर दिग्गजों की सीधी टक्कर

इस बार सबसे चर्चित मुकाबला दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट पर देखने को मिलेगा, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद चुनाव मैदान में हैं। उनके सामने भाजपा ने नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी को उतारकर मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है। यह मुकाबला चुनाव का हाई-प्रोफाइल केंद्र बनता दिख रहा है।

नंदीग्राम में भी मुकाबला रोचक

भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को दो सीटों—भवानीपुर और नंदीग्राम—से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। नंदीग्राम सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने पवित्रा कर को उम्मीदवार बनाया है, जो सुवेंदु अधिकारी को चुनौती देंगे। गौरतलब है कि पिछले चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 1956 वोटों से हराया था, जिससे इस सीट का महत्व और बढ़ गया है।

गठबंधन के तहत तीन सीटें छोड़ी गईं

ममता बनर्जी और पार्टी नेतृत्व ने जानकारी दी कि भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा के साथ समझौते के तहत दार्जिलिंग की तीन सीटों पर तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार नहीं उतारेगी।

इस बार का पश्चिम बंगाल चुनाव कई हाई-प्रोफाइल मुकाबलों और कड़े राजनीतिक संघर्ष के चलते बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

 

एक नज़र