मॉस्को में पुतिन से मिले एस जयशंकर, पीएम मोदी का निजी संदेश सौंपा; व्यापार, ऊर्जा और परमाणु सहयोग पर हुई चर्चा

untitled-72-1787572768

मॉस्को: भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को रूस की राजधानी मॉस्को में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। दो दिवसीय रूस यात्रा पर पहुंचे जयशंकर ने पुतिन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निजी संदेश भी सौंपा। दोनों नेताओं के बीच भारत-रूस आर्थिक सहयोग, व्यापार, ऊर्जा, उर्वरक और परमाणु क्षेत्र समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

पीएम मोदी का निजी संदेश लेकर पहुंचे जयशंकर

व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक के दौरान एस जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और बताया कि वह उनके लिए एक निजी संदेश लेकर आए हैं। जयशंकर ने कहा कि भारत-रूस अंतरसरकारी आयोग की बैठक हो चुकी है और इसके आधार पर दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को लेकर अच्छी प्रगति हुई है।

उन्होंने व्यापार, ऊर्जा, उर्वरक और परमाणु क्षेत्र समेत अन्य क्षेत्रों में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया। जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग लगातार बढ़ा है और इस संबंध में विस्तार से चर्चा की जा सकती है।

एससीओ और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन पर भी हुई बात

बैठक के दौरान भारत और रूस के बीच होने वाली आगामी उच्चस्तरीय बैठकों को लेकर भी चर्चा हुई। जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एससीओ शिखर सम्मेलन में पुतिन से मिलने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए भारत तैयार है।

नई दिल्ली में इस साल 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित होना निर्धारित है। इसके अलावा दोनों नेताओं के बीच वार्षिक शिखर बैठक को लेकर भी चर्चा हुई।

व्यापार और आर्थिक सहयोग पर रहेगा जोर

जयशंकर की रूस यात्रा का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाना है। भारत-रूस अंतरसरकारी आयोग की बैठक में व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी है।

सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करेंगे जयशंकर

रूस यात्रा के दौरान एस जयशंकर रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के साथ भारत-रूस अंतरसरकारी आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। इसके अलावा वह रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान होने की उम्मीद है।

 

एक नज़र