आगरा में 70 साल के पति की 32 वर्षीय महिला मित्र से परेशान हुई पत्नी, पेंशन खर्च करने का आरोप; थाने पहुंचा मामला
आगरा: शाहगंज थाना क्षेत्र में 62 वर्षीय महिला ने अपने 70 वर्षीय पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि पति पिछले करीब दो साल से एक युवा महिला के संपर्क में हैं और अपनी पूरी पेंशन उस महिला और उसके पति पर खर्च कर देते हैं। विरोध करने पर घर का खर्च देने से भी इनकार करते हैं। महिला ने पति पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई और अपनी व बच्चों की सुरक्षा की मांग की है।
दो साल से बदला हुआ है पति का व्यवहार
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति के व्यवहार में करीब दो साल पहले बदलाव आया। एक महिला लगातार उनके पति को फोन करती है। आरोप है कि पति अपनी पेंशन का एक भी रुपया घर के खर्च में नहीं देते और अपनी युवा महिला मित्र तथा उसके पति पर रकम खर्च कर देते हैं।
महिला के मुताबिक, उसने कई बार पति को समझाने की कोशिश की। बच्चों और नातियों का हवाला देकर भी उन्हें समझाया, लेकिन उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
पेंशन के बाद संपत्ति को लेकर भी हुआ विवाद
महिला का आरोप है कि पति ने अपनी पेंशन खर्च करने के साथ-साथ अपनी संपत्ति भी उस महिला के नाम करने की बात कही थी। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया। पत्नी ने पति से इसका विरोध किया और घर के खर्च में पैसे देने को कहा, लेकिन उन्होंने साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि पति पिछले दो वर्षों से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
विरोध करने पर मारपीट का आरोप
वृद्धा ने आरोप लगाया कि तीन मई की रात उसने पति की गतिविधियों का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। महिला के मुताबिक, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है।
वृद्धा ने यह भी आरोप लगाया कि युवा महिला और उसके पति ने उसके पति को अपने प्रभाव में ले लिया है और उनकी पूरी रकम खर्च करवा रहे हैं। उसने पुलिस से अपनी और बच्चों की सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और मामले की जांच की जा रही है।
