महिलाओं को 40 हजार, युवाओं को नौकरी और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन! आज अखिलेश खोलेंगे वादों का पिटारा
संविधान दिवस पर घोषणापत्र जारी करने और उसे पीडीए का प्रणपत्र नाम देने के पीछे पार्टी की कोशिश सामाजिक न्याय के अपने राजनीतिक विमर्श को संविधान और जनता की आकांक्षाओं से जोड़ने की है। अखिलेश यादव पहले ही महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने समेत कई बड़े वादे कर चुके हैं। अब नजर इस बात पर है कि पार्टी इन घोषणाओं को किन ठोस नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं के रूप में सामने रखती है।
महिलाओं से लेकर कर्मचारियों तक के लिए पहले ही कर चुके हैं कई ऐलान
अखिलेश यादव पिछले कुछ महीनों में कई चुनावी वादे कर चुके हैं। इनमें महिलाओं के लिए स्त्री समृद्धि योजना, आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर कर्मचारियों को नियमित नौकरी देने और पुरानी पेंशन योजना लागू करने का वादा शामिल है। इसके अलावा उन्होंने सरकारी भर्तियों में पूरा आरक्षण देने और गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान करने की बात भी कही है।
घोषणापत्र में इन मुद्दों को विस्तार से शामिल किए जाने की संभावना है। पार्टी का जोर महिलाओं और युवाओं के साथ किसानों तथा सरकारी कर्मचारियों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने पर रहेगा।
मुफ्त बिजली और कर्जमाफी जैसे पुराने वादे भी रह सकते हैं बरकरार
सपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव में अपने घोषणापत्र के जरिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी और लैपटॉप वितरण जैसे वादे किए थे। इस बार भी इनमें से कुछ घोषणाएं नए घोषणापत्र का हिस्सा बन सकती हैं।
इसके अलावा अखिलेश यादव गोमती रिवरफ्रंट पर दो दर्जन से अधिक महापुरुषों की प्रतिमाएं लगवाने का ऐलान भी कर चुके हैं। माना जा रहा है कि पार्टी अपने घोषणापत्र में विकास और सामाजिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों को भी जगह देगी।
हर जिले के लिए अलग घोषणापत्र लाने का भी वादा
सपा ने प्रदेश के हर जिले के लिए अलग से घोषणापत्र जारी करने की बात भी कही है। हालांकि, जिलेवार घोषणापत्र मुख्य चुनावी दस्तावेज के बाद जारी किए जाने की संभावना है।
सपा के चुनावी वादों को भाजपा की लाभार्थी योजनाओं और कल्याणकारी राजनीति के मुकाबले के तौर पर भी देखा जा रहा है। ऐसे में अखिलेश यादव के घोषणापत्र से यह संकेत मिलने की उम्मीद है कि पार्टी 2027 के चुनाव में किन मुद्दों और वर्गों को केंद्र में रखकर अपनी रणनीति तैयार कर रही है।
