लखनऊ के निशातगंज चौराहे पर खत्म होगा जाम का झंझट! ग्रीन कॉरिडोर पर बनेगा 450 मीटर लंबा फ्लाईओवर, खर्च होंगे 81 करोड़
सुबह-शाम वाहनों की लंबी कतारों से मिलेगी राहत
निशातगंज चौराहे पर ग्रीन कॉरिडोर और निशातगंज मार्ग का यातायात एक-दूसरे को पार करता है। दोनों तरफ से वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। यातायात नियंत्रित करने के लिए चौराहे पर सिग्नल भी लगाए गए, लेकिन इससे जाम की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
प्रस्तावित फ्लाईओवर बनने के बाद ग्रीन कॉरिडोर से गुजरने वाले वाहनों को चौराहे पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनका यातायात पुल के ऊपर से सीधे निकल सकेगा। इससे नीचे निशातगंज मार्ग पर चलने वाले वाहनों को भी रास्ता मिलने में आसानी होगी और दोनों मार्गों के यातायात का टकराव कम होगा।
टीसीएस की तकनीकी रिपोर्ट में मिली निर्माण को मंजूरी
फ्लाईओवर निर्माण की उपयोगिता और तकनीकी व्यवहारिकता का आकलन करने के लिए एलडीए ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) से अध्ययन कराया था। कंपनी ने अपनी रिपोर्ट में 450 मीटर लंबे फ्लाईओवर का प्रस्ताव दिया है। अध्ययन में इस निर्माण को यातायात व्यवस्था सुधारने के लिहाज से उपयुक्त पाया गया है।
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, निशातगंज गोमती पुल के पास फ्लाईओवर की तकनीकी अध्ययन रिपोर्ट मिल चुकी है। परियोजना पर लगभग 81 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इसके निर्माण के लिए जल्द ही शासन को प्रस्ताव भेजकर बजट की मांग की जाएगी। बजट की स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
पुराने लखनऊ में पक्का पुल के पास भी बनेगा फ्लाईओवर
ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत एलडीए शहर के दूसरे हिस्सों में भी यातायात सुगम बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में पुराने लखनऊ में पक्का पुल के पास एक और फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
इस स्थान पर भी तकनीकी अध्ययन कराया गया है और प्राधिकरण को रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। फिलहाल एलडीए की प्राथमिकता निशातगंज फ्लाईओवर के लिए शासन से बजट की मंजूरी हासिल करना है। इसके बाद निर्माण से जुड़ी आगे की कार्रवाई की जाएगी।
