कानपुर की अवैध इमारतों में अतीक अहमद का पैसा? जांच में सामने आया मन्नू रहमान का कनेक्शन, पुलिस ने खोले कई राज

atiq_ahmed_1795496019984_RLYG_17

कानपुर: कानपुर में अवैध बिल्डिंगों के निर्माण और फंडिंग को लेकर पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। राधिका अपार्टमेंट में आग लगने से हुई दो मौतों के बाद शुरू हुई जांच में पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनमें माफिया रहे अतीक अहमद की कथित फंडिंग और पूर्व पार्षद मन्नू रहमान की भूमिका की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, शहर के कई इलाकों में बनी अवैध इमारतों में अतीक के पैसे के इस्तेमाल की जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि चमनगंज, बेकनगंज, बजरिया और अनवरगंज जैसे इलाकों में बनी कुछ अवैध इमारतों में माफिया फंडिंग की आशंका है। पुलिस का दावा है कि पूर्व पार्षद मन्नू रहमान इन पैसों को अवैध बिल्डिंग के कारोबार में लगवाता था। इन इमारतों को बनाकर बेचने में होने वाले मुनाफे को आपस में बांटने की बात भी जांच में सामने आई है।

राधिका अपार्टमेंट हादसे के बाद शुरू हुई जांच

16 नवंबर की सुबह पटकापुर स्थित श्रीगणेश मंदिर वाली गली में बने राधिका अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर खड़े वाहनों में आग लग गई थी। इस हादसे में राखी साहू की बालकनी से गिरने और प्रांजुल बाथम की दम घुटने से मौत हो गई थी।

इस मामले में फीलखाना थाने में प्रांजुल के पिता की शिकायत पर बिल्डर प्यारे खान, पूर्व पार्षद मन्नू रहमान, मोहित तिवारी, शफीक और सरबजीत कौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों और अवैध निर्माण से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू की।

अतीक से मुलाकात के बाद बढ़ी नजदीकी, पुलिस कर रही जांच

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के अनुसार, जांच में पता चला है कि मन्नू रहमान वर्ष 2012-13 के दौरान प्रयागराज में अतीक अहमद के संपर्क में आया था। पुलिस को उस समय की कुछ तस्वीरें भी मिली हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि जब अतीक अपने काफिले के साथ कानपुर आया था, तब मन्नू रहमान ने उसका स्वागत किया था और उसके ठहरने तक साथ रहा था।

पुलिस का कहना है कि कानपुर में अवैध इमारतों के निर्माण में पैसों के स्रोत की जांच की जा रही है। पुलिस और केडीए की भूमिका की भी जांच होगी। अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरे मामले में आय और खर्च का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

मन्नू रहमान की तलाश तेज, सरेंडर की चर्चा

पुलिस मन्नू रहमान की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। जांच में उसका नाम सीएए और एनआरसी के दौरान हुए उपद्रव की फंडिंग से जुड़े मामले में भी सामने आने की बात कही गई है। हालांकि, पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है।

पुलिस को जानकारी मिली है कि मन्नू रहमान कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी में है। इसे देखते हुए अदालत परिसर में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर आरोपी खुद सरेंडर करता है, तब भी उससे पूछताछ के लिए रिमांड मांगी जाएगी। इस मामले में मोहित तिवारी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

केडीए अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

राधिका अपार्टमेंट वर्ष 2024 में बनकर तैयार हुआ था। इस दौरान केडीए के कौन-कौन अधिकारी और कर्मचारी वहां तैनात थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए एसीपी कोतवाली अमित पांडेय ने केडीए से जानकारी मांगी है।

पुलिस का कहना है कि जांच के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा। भले ही गिरफ्तारी न हो, लेकिन दोष मिलने पर चार्जशीट में नाम शामिल किया जा सकता है।

राधिका अपार्टमेंट मामले में नए नामों की जांच

पुलिस आयुक्त के मुताबिक, मोहित तिवारी से पूछताछ में रिटायर्ड केडीए कर्मचारी शिवशंकर का नाम सामने आया है। आरोप है कि वह केडीए की ओर से नोटिस चस्पा करने का काम करता था और अधिकारियों से संपर्क बनाए रखने में मदद करता था। पुलिस ने उसे भी पूछताछ के लिए बुलाया है।

वहीं, पुलिस ने 63 बिल्डरों की सूची तैयार की है, जिसमें शम्मू कुरैशी का नाम भी शामिल है। वह सोमवार को पुलिस आयुक्त से मिला और दावा किया कि वह बिल्डर नहीं है। उसने बताया कि उसके पास चार-पांच मकान हैं, जिनमें किरायेदार रहते हैं। पुलिस अब इनकी भी जांच करेगी।

 

एक नज़र