नेपाल बॉर्डर पर नए साल की शुरुआत में बवाल, कारोबारी की मौत के बाद पथराव-आगजनी; सैकड़ों भारतीय सैलानी सीमा पार फंसे
अररिया/सुनसरी। नए साल 2026 की शुरुआत भारत-नेपाल सीमा पर हिंसा और तनाव के साथ हुई। अररिया से सटे नेपाल के सुनसरी जिले में 1 जनवरी को हालात उस वक्त बेकाबू हो गए, जब कथित पुलिस मुठभेड़ में 45 वर्षीय कारोबारी विजय साह की मौत हो गई। इस घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में जमकर बवाल, पथराव और आगजनी हुई। हालात इतने बिगड़े कि नए साल का जश्न मनाने नेपाल गए सैकड़ों भारतीय सैलानी सीमा पार फंस गए।
कैसे भड़का सीमा पर तनाव?
यह घटना 31 दिसंबर की देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मृतक विजय साह भारत से ई-रिक्शा पर चीनी, खैनी और चॉकलेट जैसे सामान लेकर नेपाल जा रहा था। इसी दौरान नेपाल सशस्त्र पुलिस बल ने उसे रोकने की कोशिश की।पुलिस का दावा है कि तस्करों की ओर से पहले फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। इस दौरान विजय साह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे मुठभेड़ नहीं, बल्कि सुनियोजित हमला बताया। ग्रामीणों का आरोप है कि तस्करी से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने गोली मार दी।
पुलिस चौकी फूंकी, पेट्रोल बम से हमला
कारोबारी की मौत की खबर फैलते ही गुरुवार सुबह कोसी गांवपालिका क्षेत्र रणक्षेत्र में बदल गया। हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व-पश्चिम राजमार्ग को जाम कर दिया और शव के साथ ई-रिक्शा को सड़क पर रखकर विरोध जताया। आक्रोशित भीड़ ने नेपाल सशस्त्र पुलिस की चौकी (बीट) में आग लगा दी। पुलिस पर पथराव और पेट्रोल बम से हमला किया गया, जिसमें कई जवानों के घायल होने की सूचना है। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
नए साल का जश्न बना मुसीबत
नए साल के मौके पर अररिया और आसपास के जिलों से सैकड़ों भारतीय परिवार पिकनिक और घूमने के लिए नेपाल पहुंचे थे। लेकिन बॉर्डर पर हिंसा भड़कने के बाद सुनसरी राजमार्ग पूरी तरह ठप हो गया। कई भारतीय वाहन जाम में फंस गए, कुछ को वापस लौटना पड़ा, जबकि कई परिवार घंटों तक सीमा पार दहशत के माहौल में फंसे रहे। बॉर्डर आउट पोस्ट पर भी तोड़फोड़ की गई, जिससे आवाजाही पूरी तरह बाधित रही।
प्रशासन क्या कह रहा है?
सुनसरी के डीएसपी चंद्र खड़का ने बताया कि घटनास्थल से खोखे बरामद किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हालात को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुनसरी के एसपी खुद मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
