भारत-बांग्लादेश क्रिकेट रिश्तों में आई बड़ी दरार, BCCI ने 2026 का बांग्लादेश दौरा किया स्थगित

india-vs-bangladesh-1_V_jpg--1280x720-4g

भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों में अब बड़ी खटास देखने को मिल रही है। हालात ऐसे बनते नजर आ रहे हैं कि दोनों देशों के रिश्ते भारत–पाकिस्तान मॉडल की ओर बढ़ सकते हैं। इसी कड़ी में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साल 2026 में प्रस्तावित बांग्लादेश दौरे को फिलहाल स्थगित कर दिया है। इस दौरे की घोषणा हाल ही में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब BCCI इस दौरे को लेकर भारत सरकार से औपचारिक मंजूरी लेने की प्रक्रिया अपनाएगा। इससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि भविष्य में भारत और बांग्लादेश की टीमें द्विपक्षीय सीरीज के बजाय केवल आईसीसी टूर्नामेंट्स में ही, वह भी न्यूट्रल वेन्यू पर आमने-सामने नजर आ सकती हैं।

पहले भी टल चुकी हैं सीरीज
गौरतलब है कि यह द्विपक्षीय सीरीज पहले साल 2025 में होनी थी, लेकिन दोनों देशों के बीच बिगड़ते राजनीतिक और कूटनीतिक संबंधों के चलते इसे टाल दिया गया था। इससे पहले दिसंबर महीने में भारत और बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीमों के बीच प्रस्तावित सीरीज को भी स्थगित कर दिया गया था।

सरकारी मंजूरी के बिना नहीं होगा दौरा
रिपोर्ट में BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया है, “हम पिछले साल भी बांग्लादेश का दौरा नहीं कर पाए थे। भले ही BCB ने अपना अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल जारी कर दिया हो, लेकिन मौजूदा हालात में यह दौरा आसान नहीं है। किसी भी विदेशी दौरे के लिए हमें भारत सरकार की अनुमति लेनी होती है।”
हालांकि, अधिकारी ने यह भी साफ किया कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश टीम भारत में तय कार्यक्रम के अनुसार ही अपने मुकाबले खेलेगी।

राजनीतिक बदलाव से बिगड़े रिश्ते
भारत और बांग्लादेश लंबे समय से दोस्ताना और पड़ोसी संबंधों के लिए जाने जाते रहे हैं, लेकिन पिछले साल शेख हसीना सरकार के हिंसक तरीके से सत्ता से हटने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ा है। मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के आने के बाद कूटनीतिक रुख में बदलाव देखा गया है। इसके साथ ही बांग्लादेश में घरेलू अस्थिरता और भारत विरोधी माहौल भी बढ़ता नजर आ रहा है।

आईपीएल तक दिखा असर
बीसीसीआई के इस फैसले से पहले आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था। बताया जा रहा है कि बोर्ड के कहने पर यह फैसला लिया गया। केकेआर ने मुस्तफिजुर को 9.2 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया था, लेकिन बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती घटनाओं के विरोध में उन्हें रिलीज करने की मांग उठी थी।

एक नज़र