नेपाल में पुलिस की गोली से बिहार के युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया जमकर पथराव
अररिया: नेपाल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिहार के अररिया जिले के लौकही गांव निवासी विजय साह की नेपाल पुलिस ने गोली मार कर हत्या कर दी। घटना के बाद स्थानीय लोग भड़क उठे और नेपाल में प्रदर्शन एवं पथराव शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक विजय साह नेपाल में ई-रिक्शा चलाते थे और हाल ही में चीनी की एक बोरी लेकर नेपाल गए थे। पुलिस का दावा है कि वह तस्करी कर रहे थे, लेकिन परिजनों का कहना है कि विजय केवल सामान ला रहे थे। आरोप है कि नेपाल पुलिस ने उनसे रुपए की मांग की, जिसे विजय पूरा नहीं कर पाए। इसी बहस के दौरान नेपाल पुलिस के एक जवान ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजन घर पर मातम में डूबे हैं और अंतिम यात्रा की तैयारी कर रहे हैं। गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए और मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए। फिलहाल भारत सरकार की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
घटना ने बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में रोष फैलाया है। लोगों का कहना है कि न्याय की माँग पूरी की जाए और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जाए।
