UP Weather Alert: यूपी में कड़ाके की ठंड का कहर, पूरब से पश्चिम तक कोहरा अलर्ट; आगरा से संगमनगरी तक गलन बढ़ी

taj-mahal-fog-1767577252675

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक सर्दी के हालात बने रहेंगे, हालांकि बहुत घने कोहरे की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है। इसके बावजूद प्रदेश के अधिकांश जिलों में रात के साथ-साथ दिन में भी शीतलहर और गलन बनी रहेगी।

सोमवार सुबह आगरा में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता शून्य हो गई। सूर्योदय के समय ताजमहल देखने पहुंचे पर्यटकों को डायना बेंच से ताज के दर्शन नहीं हो सके।

घने और बहुत घने कोहरे वाले जिलों में आ सकती है कमी

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रयागराज, सोनभद्र, मीरजापुर, संत रविदास नगर और आसपास के क्षेत्रों में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है।
इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में घना कोहरा पड़ सकता है।
इससे दृश्यता में भारी कमी आने की आशंका है।

दिन में धूप, लेकिन गलन से राहत नहीं

रविवार को आगरा और कानपुर में दृश्यता पूरी तरह शून्य दर्ज की गई, जबकि फतेहगढ़, अयोध्या और लखनऊ के कई इलाकों में दृश्यता महज 50 मीटर तक रही।
मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को बहुत घने कोहरे वाले इलाकों में रात के समय 50 से 80 मीटर तक ही दृश्यता रह सकती है।
डॉ. सिंह के अनुसार, प्रदेश में जारी गलन के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में गिरावट दर्ज की जा रही है।

तापमान में लगातार गिरावट

राजधानी लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 3.2 डिग्री गिरकर 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट के साथ यह 6 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश में कानपुर का न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हमीरपुर में अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

एक नज़र