काठमांडू–वीरगंज हाईवे पर कहर: अनियंत्रित टैक्सी पलटी, 2 भारतीय समेत 6 की मौत; 9 यात्री ICU में भर्ती
नेपाल में काठमांडू से वीरगंज जा रही एक यात्री टैक्सी रविवार देर शाम भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। मकवानपुर जिले के भीमफेदी इलाके में हुई इस दुर्घटना में दो भारतीय नागरिकों समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज हेटौंडा अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।
हादसा भीमफेदी–कुलेखानी–काठमांडू सड़क खंड पर उस समय हुआ, जब एन1जे 1778 नंबर की टाटा सूमो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान 6 की मौत, 2 भारतीय शामिल
हेटौंडा अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में बिहार के पटना निवासी रजनीश कुमार (42) और बेगूसराय निवासी अरविंद कुमार (50) शामिल हैं। इसके अलावा मकवानपुर की सबिता लम्साल (40), हेटौंडा निवासी निखिल अग्रवाल (29) की भी मौत हो गई। दो अन्य मृतकों की पहचान अब तक पूरी तरह नहीं हो सकी है।
मृतकों की सूची:
- रजनीश कुमार (42), पटना, बिहार (भारत)
- अरविंद कुमार (50), बेगूसराय, बिहार (भारत)
- सबिता लम्साल (40), हेटौंडा-4, मकवानपुर
- निखिल अग्रवाल (29), हेटौंडा-2
- 36 वर्षीय अज्ञात पुरुष
- 40 वर्षीय अज्ञात पुरुष
ड्राइवर समेत कई गंभीर, भरतपुर रेफर
हादसे में टाटा सूमो के चालक गणेश थापा (45) की हालत गंभीर बनी हुई है। हालत बिगड़ने पर उन्हें ओल्ड मेडिकल कॉलेज, भरतपुर (चितवन) रेफर किया गया है। वहीं मृतका सबिता लम्साल का 12 वर्षीय बेटा भी गंभीर रूप से घायल है, जिसे बेहतर इलाज के लिए भरतपुर भेजा गया है।
अन्य घायलों का इलाज जारी
पुलिस के अनुसार, रिचा चौधरी (21), निवासी चंद्रपुर-2, रौतहट को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायल यात्रियों का इलाज हेटौंडा अस्पताल में जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी, तेज रफ्तार बनी वजह?
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क की खराब स्थिति को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
