बिहार ने जंगलराज को नकारा, यूपी की जनता भी 2027 में गुंडाराज को करेगी खारिज—ब्रजेश पाठक

Brajesh-Pathak-1767937739586

बरेलीः उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता के संरक्षण में पले गुंडों को बढ़ावा देना सपा की पुरानी पहचान रही है, लेकिन अब प्रदेश की जनता इस राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि जब-जब सपा सत्ता में आई, प्रदेश में गुंडाराज, अराजकता और भय का माहौल बना, जबकि आज उत्तर प्रदेश कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

यूपी आज सुरक्षित और विकसित प्रदेश के रूप में पहचाना जा रहा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश को एक सुरक्षित और विकसित प्रदेश के रूप में पहचान मिली है। जिस तरह बिहार की जनता ने जंगलराज को नकार दिया, उसी तरह उत्तर प्रदेश की जनता भी वर्ष 2027 में सपा के कथित गुंडाराज को सिरे से खारिज करेगी।

गरीब कल्याण योजनाओं से बदली जनता की तस्वीर
पीर बहोड़ा अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के बाद ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचा है। उन्होंने बताया कि देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और कोरोना काल से अब तक 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन दिया जा रहा है।

भाजपा सरकार के साथ मजबूती से खड़ा है जनविश्वास
ब्रजेश पाठक ने कहा कि यही वजह है कि आमजन का भरोसा भाजपा सरकार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने दावा किया कि सपा नेतृत्व को भी यह भली-भांति पता है कि उनकी राजनीति अब जमीन पर कमजोर पड़ चुकी है। इसी कारण वे जाति और भ्रम की राजनीति का सहारा लेकर चुनावी वैतरणी पार करना चाहते हैं, लेकिन अब यह वोट बैंक की राजनीति सफल नहीं होने वाली।

सपा शासन में बरेली में था गुंडों का बोलबाला
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के दौरान बरेली में हत्यारों और गुंडों का राज था। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सपा का नारा ही था—“खाली प्लॉट हमारा है।”

SIR को लेकर आरोप निराधार, चुनाव आयोग पूरी तरह पारदर्शी
एसआईआर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग पूरी पारदर्शिता के साथ पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है। ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध है और सभी राजनीतिक दल आयोग के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। कहीं कोई गड़बड़ी नहीं है।

बुनियादी सुविधाओं में भाजपा ने जीता जनता का भरोसा
उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं में भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक काम किया है, जिससे जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।

 

एक नज़र