Box Office Report: 35वें दिन भी ‘धुरंधर’ का जलवा, ‘पुष्पा 2’ के रिकॉर्ड पर नजर; ‘इक्कीस’ और ‘अवतार 3’ की कमाई पस्त

dhurandhar-box-office-day-35

नई दिल्लीः बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ का दबदबा लगातार बना हुआ है। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर इस फिल्म ने पांचवें हफ्ते में भी जबरदस्त कमाई करते हुए नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। जहां ‘धुरंधर’ हर दिन नई ऊंचाइयों को छू रही है, वहीं अगस्त्य नंदा और धर्मेंद्र की फिल्म ‘इक्कीस’ और हॉलीवुड की ‘अवतार 3’ की रफ्तार अब सुस्त पड़ती नजर आ रही है।

35वें दिन भी ‘धुरंधर’ की दमदार कमाई
Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘धुरंधर’ ने 35वें दिन करीब 4.25 करोड़ रुपये की कमाई की, जो बुधवार के कलेक्शन के बराबर रही। सिर्फ हिंदी भाषा में रिलीज होने के बावजूद फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी 10.81 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके साथ ही फिल्म का पांचवें हफ्ते का कुल कलेक्शन 50 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, जो अब तक किसी भी बॉलीवुड फिल्म के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

पांचवें हफ्ते में बनाया नया रिकॉर्ड
35 दिनों में 51.25 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘धुरंधर’ ने पांचवें हफ्ते में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इसने विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिसने अपने पांचवें हफ्ते में करीब 30 करोड़ रुपये कमाए थे। ‘धुरंधर’ ने यह आंकड़ा पहले ही पार करते हुए 33.25 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।

वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी ‘धुरंधर’ का दबदबा
भारत में ‘धुरंधर’ का नेट कलेक्शन 790.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 948 करोड़ रुपये हो चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 1233 करोड़ रुपये हो गया है, जिससे इसने ‘KGF: चैप्टर 2’ के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। अब फिल्म 1000 करोड़ रुपये के ग्रॉस क्लब में एंट्री के बेहद करीब है।

‘पुष्पा 2: द रूल’ के रिकॉर्ड पर नजर
हालांकि ‘पुष्पा 2: द रूल’ ने सभी भाषाओं में मिलाकर 1234.1 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, लेकिन ‘धुरंधर’ की खास बात यह है कि उसने सिर्फ हिंदी में रिलीज होकर यह आंकड़ा छूने के करीब पहुंच गई है। अब सबकी निगाहें इस पर हैं कि क्या ‘धुरंधर’ पुष्पा 2 के रिकॉर्ड को तोड़ पाएगी या नहीं।

अगस्त्य नंदा की ‘इक्कीस’ की धीमी चाल
धर्मेंद्र और अगस्त्य नंदा की फिल्म ‘इक्कीस’ बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। आठवें दिन फिल्म ने केवल 1.35 करोड़ रुपये की कमाई की। इससे पहले सातवें दिन इसका कलेक्शन 1.15 करोड़ रुपये रहा था।

आठ दिनों में इतना रहा ‘इक्कीस’ का कलेक्शन
रिलीज के आठ दिनों में ‘इक्कीस’ ने भारत में कुल 25.6 करोड़ रुपये की कमाई की है। गुरुवार को फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी 9.55 प्रतिशत रही, जिसमें रात के शो की ऑक्यूपेंसी सबसे ज्यादा 12.10 प्रतिशत दर्ज की गई।

‘अवतार 3’ की भारत में रफ्तार हुई धीमी
हॉलीवुड फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ के कलेक्शन में तीसरे हफ्ते भारी गिरावट देखने को मिली है। तीसरे सोमवार को फिल्म ने महज 1.5 करोड़ रुपये कमाए, जबकि 21वें दिन इसका कलेक्शन सिर्फ 58 लाख रुपये रहा। भारत में फिल्म की कुल कमाई 179.74 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। हालांकि, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ‘अवतार 3’ अब भी मजबूत बनी हुई है और दुनियाभर में 10100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है।

 

एक नज़र