Golden Globes 2026: हॉलीवुड के सबसे बड़े मंच पर प्रियंका चोपड़ा का जलवा, प्रेजेंटर लिस्ट में हुआ नाम शामिल

golden-globes-awards-2026-priyanka-chopra-as-presenters

नई दिल्लीः ग्लोबल एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में भारत का नाम रोशन कर रहीं प्रियंका चोपड़ा जोनस एक बार फिर सुर्खियों में हैं। देसी गर्ल अब हॉलीवुड के प्रतिष्ठित मंचों की शान बन चुकी हैं। 83वें गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स 2026 के लिए प्रियंका चोपड़ा का नाम आधिकारिक तौर पर प्रेजेंटर्स की लिस्ट में शामिल किया गया है। इस खास मौके की जानकारी प्रियंका ने सोशल मीडिया के जरिए भी साझा की है।

हॉलीवुड के दिग्गज सितारों के साथ मंच साझा करेंगी प्रियंका
गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स 2026 में प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड की दिग्गज हस्तियों जूलिया रॉबर्ट्स, जॉर्ज क्लूनी और मिला कुनिस के साथ अवॉर्ड प्रेजेंट करती नजर आएंगी। लंबे समय बाद प्रियंका इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाई देंगी, जिससे भारतीय फैंस में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

ग्लोबल इवेंट्स में पहले भी दिखा चुकी हैं दम
यह पहली बार नहीं है जब प्रियंका चोपड़ा किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय इवेंट का हिस्सा बन रही हैं। इससे पहले वह ग्लोबल सिटीजन फेस्टिवल को होस्ट कर चुकी हैं, ऑस्कर नॉमिनेशन की घोषणा कर चुकी हैं और कई प्री-ऑस्कर इवेंट्स का भी संचालन कर चुकी हैं। यह उनकी मजबूत अंतरराष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है।

गोल्डन ग्लोब प्रेजेंटर्स की स्टार-स्टडेड लिस्ट
गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स की प्रेजेंटर लिस्ट में इस बार कई बड़े हॉलीवुड सितारों के नाम शामिल हैं। गोल्डन ग्लोब्स के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर साझा की गई जानकारी के अनुसार आयो एडेबिरी, क्रिस पाइन, डकोटा फैनिंग, अमांडा सेफ्राइड, मेलिसा मैककार्थी, माइली साइरस, ऑरलैंडो ब्लूम, स्नूप डॉग, क्वीन लतीफा, जॉन बेटमैन, मैकॉले कल्किन, पामेला एंडरसन और जो क्राविट्ज जैसे सितारे भी अवॉर्ड्स प्रेजेंट करेंगे। इस भव्य समारोह की होस्टिंग एक बार फिर कॉमेडियन निक्की ग्लेजर करेंगी, जिन्हें पिछले साल दर्शकों का खूब प्यार मिला था।

भारत में कब और कहां देखें गोल्डन ग्लोब्स 2026
गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन रविवार शाम 5 बजे (अमेरिकी समय) होगा, जो भारत में सोमवार सुबह 6:30 बजे से लाइव देखा जा सकेगा। अमेरिका में यह समारोह सीबीएस चैनल पर प्रसारित होगा, जबकि पैरामाउंट प्लस पर इसकी स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।

पहले भी अवॉर्ड शोज को होस्ट कर चुकी हैं प्रियंका
प्रियंका चोपड़ा इससे पहले भी कई अवॉर्ड शोज को होस्ट और प्रेजेंट कर चुकी हैं। साल 2013 में उन्होंने शाहरुख खान के साथ फिल्मफेयर अवॉर्ड्स को होस्ट किया था। इसके अलावा वह अकैडमी अवॉर्ड समेत कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी हैं।

‘द ब्लफ’ में दिखेगा प्रियंका का बिल्कुल नया अवतार
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा जल्द ही फिल्म ‘द ब्लफ’ और ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी, साथ ही ‘सिटाडेल’ सीजन 2 की भी तैयारी कर रही हैं। फिल्म ‘द ब्लफ’ को लेकर वह इन दिनों खासा चर्चा में हैं। यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसमें समुद्री लुटेरों की खतरनाक दुनिया दिखाई जाएगी। प्रियंका इसमें एर्सेल बॉडन नाम की एक निडर महिला का किरदार निभा रही हैं, जो कभी ‘ब्लडी मैरी’ नाम की कुख्यात समुद्री डाकू रह चुकी है। यह फिल्म 25 फरवरी 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।

 

एक नज़र