Dhoom Viral Boy: ‘कृष का गाना सुनेगा…’ से इंटरनेट सेंसेशन बना धूम, जानिए कौन है वायरल बॉय पिंटू प्रसाद
सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर इन दिनों एक रील जबरदस्त तरीके से वायरल हो रही है। वीडियो में एक युवक मासूम अंदाज में कहता है, ‘कृष का सुनेगा गाना… दिल ना दिया, दिल ना दिया ले बेटा।’ यही डायलॉग आज Dhoom Viral Boy की पहचान बन चुका है। Gen Z के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे इस वायरल बॉय का नाम ‘धूम’ है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि आखिर ये धूम है कौन और इसकी कहानी क्या है।
झारखंड के जमशेदपुर से शुरू हुई धूम की कहानी
इंटरनेट पर छाए इस वायरल चेहरे का असली नाम पिंटू प्रसाद है। पिंटू झारखंड के जमशेदपुर की गलियों से निकलकर सोशल मीडिया तक पहुंचे हैं। पहली नजर में वह किसी बच्चे जैसे लगते हैं, लेकिन असल में उनकी उम्र करीब 32 साल है। मासूम चेहरे के पीछे संघर्ष और दर्द से भरी जिंदगी की कहानी छिपी हुई है।
बचपन में ही छिन गया माता-पिता का साया
पिंटू उर्फ धूम का बचपन बेहद कठिन रहा। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि बहुत छोटी उम्र में ही उनके माता-पिता का निधन हो गया। इसके बाद दादा-दादी ने सहारा दिया, लेकिन कुछ समय बाद वे भी इस दुनिया से चले गए। परिवार में अब दो भाई और एक बहन हैं। बहन मुश्किल वक्त में उनका ख्याल रखती है, लेकिन गरीबी ने पिंटू को हमेशा संघर्ष के रास्ते पर रखा।
पेट पालने के लिए किए हर तरह के काम
जिंदगी चलाने के लिए पिंटू ने कोई भी काम करने से परहेज नहीं किया। कचरा बीनना, शौचालय साफ करना, झाड़ू लगाना और मरे हुए जानवरों को ठिकाने लगाने जैसे काम उन्होंने किए। पिंटू कहते हैं कि हालात चाहे कितने भी खराब रहे हों, उन्होंने कभी चोरी या गलत रास्ता नहीं अपनाया।
ऋतिक रोशन का फैन और ‘धूम’ बनने का सफर
पिंटू ऋतिक रोशन के जबरदस्त फैन हैं। फिल्म ‘कृष’ का गाना ‘दिल ना दिया’ गाते हुए उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यही वीडियो उनकी पहचान बन गया और लोग उन्हें ‘धूम’ कहने लगे। ‘कृष का गाना सुनेगा…’ वाला डायलॉग इंटरनेट पर मीम्स और रील्स का हिस्सा बन गया।
वायरल होने के बाद भी खत्म नहीं हुई मुश्किलें
वायरल होने के बाद भी पिंटू की जिंदगी आसान नहीं हुई। कई लोग उनके भोलेपन का फायदा उठाकर 10-20 रुपये देकर रील बनवाते रहे और खुद लाखों व्यूज बटोरते रहे। कुछ समय तक वह नशे की लत का भी शिकार रहे। बावजूद इसके, उनकी सादगी और अंदाज ने उन्हें सोशल मीडिया पर अलग पहचान दिला दी।
