‘अब कर्फ्यू नहीं, अब दंगा नहीं… यूपी में सब चंगा है’, राष्ट्रीय युवा दिवस पर बोले CM योगी आदित्यनाथ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अब यूपी में हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। न कर्फ्यू है, न दंगे हैं, बल्कि हर तरफ शांति और विकास का माहौल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है, पर्यटन को गति मिल रही है और लोग पूरे मनोयोग से अपने काम-धंधे में लगे हुए हैं।
कानून-व्यवस्था से विकास तक बदला यूपी
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। पहले जहां दंगे और अव्यवस्था पहचान थे, आज वहां शांति, सुरक्षा और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। सरकार के प्रयासों में जनता की भी सक्रिय भागीदारी है, जिससे प्रदेश तेजी से प्रगति कर रहा है।
महाकुंभ में उमड़ा आस्था का सैलाब
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। यह आयोजन प्रदेश की बेहतर व्यवस्थाओं, सुरक्षा और प्रशासनिक क्षमता का प्रमाण है। इससे न सिर्फ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला, बल्कि यूपी की वैश्विक छवि भी सशक्त हुई।
स्वामी विवेकानंद ने जगाया आत्मबोध
स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि वह उस भारत का प्रतिनिधित्व करते थे, जो एक समय सुप्त चेतना के कारण आत्मबोध खो चुका था। उस दौर में मुट्ठी भर विदेशी आक्रांताओं ने भारत को लूटा और गुलाम बनाया, लेकिन विवेकानंद जैसे महान संन्यासी ने देश को जागृत करने का काम किया।
शिकागो में गर्व से कहा था- मैं हिंदू हूं
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुलामी के कालखंड में जब भारत विस्मृति में जी रहा था, तब शिकागो की धर्मसभा में स्वामी विवेकानंद ने गर्व के साथ कहा था कि वह भारत की उस परंपरा से आते हैं, जिसने सदैव मानव कल्याण का मार्ग दिखाया है। उन्होंने यह भी कहा था कि भारत ने कभी अपनी बात किसी पर जबरन नहीं थोपी और संकट के समय दुनिया को शरण दी।
विवेकानंद का सपना हो रहा साकार
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का अटल विश्वास था कि भारत अपनी युवा शक्ति, आध्यात्मिक चेतना और आत्मगौरव के बल पर एक दिन फिर विश्वगुरु बनेगा। आज देश और प्रदेश में हो रहे सकारात्मक बदलाव उस सपने को साकार होते दिखा रहे हैं।
