अमेरिका में जब्त रूसी टैंकर पर हिमाचल का बेटा फंसा: एक महीने बाद शादी, पीएम मोदी से परिवार ने लगाई गुहार

rikshit-chauhan-1768213653

अमेरिका की ओर से वेनेजुएला के तेल को लेकर की गई कार्रवाई ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक परिवार की चिंता बढ़ा दी है। रूसी ध्वज वाले जिस टैंकर को अमेरिकी तटरक्षक बल ने जब्त किया है, उसके चालक दल में हिमाचल का एक युवक भी शामिल है। महज एक महीने बाद शादी तय होने के बीच परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुरक्षित भारत वापसी की अपील कर रहा है।

वेनेजुएला मिशन पर गया था रक्षित

परिजनों के मुताबिक, कांगड़ा जिले के पालमपुर निवासी 26 वर्षीय रक्षित चौहान मर्चेंट नेवी अधिकारी हैं। उन्हें रूसी नियोक्ता ने पहले समुद्री असाइनमेंट के तहत वेनेजुएला भेजा था। रक्षित 28 सदस्यीय चालक दल वाले ‘मैरिनेरा’ टैंकर में सवार थे, जिसे सात जनवरी को उत्तरी अटलांटिक महासागर में अमेरिकी तटरक्षक बल ने जब्त कर लिया।

19 फरवरी को होनी है शादी

रक्षित की मां रीता देवी ने प्रधानमंत्री से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनके बेटे की शादी 19 फरवरी को तय है। उन्होंने बताया कि सात जनवरी के बाद से रक्षित से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। परिवार लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की कामना कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री से गोवा और केरल के दो अन्य भारतीय चालक दल सदस्यों की भी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।

2025 में मर्चेंट नेवी में हुए थे शामिल

रक्षित के पिता रंजीत सिंह चौहान के अनुसार, रक्षित एक अगस्त 2025 को मर्चेंट नेवी में शामिल हुए थे। रूसी कंपनी ने उन्हें पहले ही असाइनमेंट पर तेल लेने वेनेजुएला भेजा था। सीमा पर जहाज करीब 10 दिन तक रुका रहा, इसके बाद कंपनी ने उसे वापस बुलाने का निर्देश दिया, लेकिन इसी दौरान अमेरिकी अधिकारियों ने टैंकर को जब्त कर लिया।

चालक दल के सभी सदस्य हिरासत में

परिजनों ने बताया कि जहाज पर कुल 28 चालक दल सदस्य सवार थे, जिनमें तीन भारतीय, 20 यूक्रेनी, छह जॉर्जियाई और दो रूसी नागरिक शामिल हैं। सभी चालक दल सदस्यों को फिलहाल हिरासत में रखा गया है। रक्षित के पिता ने बताया कि पालमपुर विधायक ने मामले की जानकारी लेकर इसे मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया है।

परिवार की सरकार से उम्मीद

परिवार को उम्मीद है कि भारत सरकार और विदेश मंत्रालय की पहल से रक्षित समेत सभी भारतीय चालक दल सदस्यों की जल्द सुरक्षित घर वापसी होगी, ताकि शादी से पहले परिवार की चिंता दूर हो सके।

 

एक नज़र