यूपी चुनाव से पहले बड़ा अभियान तेज, 2 दिन में 6.40 लाख नए वोटर बनने के आवेदन; गाजियाबाद सबसे आगे
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को मजबूत करने और नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (SSR-2027) के तहत प्रदेशभर में बड़ी संख्या में लोग नए मतदाता बनने के लिए आवेदन कर रहे हैं। सिर्फ दो विशेष अभियान दिवसों में ही 6 लाख 40 हजार 239 फॉर्म-6 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, 21 और 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान दिवसों में सबसे ज्यादा आवेदन आए। 22 नवंबर को एक दिन में रिकॉर्ड 3 लाख 99 हजार 218 लोगों ने नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 जमा किया।
17 से 23 नवंबर तक मिले 10 लाख से ज्यादा आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 17 से 23 नवंबर के बीच प्रदेश में कुल 10 लाख 39 हजार 836 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें से करीब 61.6 फीसदी आवेदन केवल दो विशेष अभियान दिवसों के दौरान आए।
अभियान के दौरान रोजाना औसतन करीब 3.2 लाख आवेदन प्राप्त हुए, जो 17 से 20 नवंबर के बीच मिले दैनिक औसत से लगभग छह गुना अधिक है। इससे साफ है कि विशेष अभियान के दौरान नए मतदाता पंजीकरण को लेकर लोगों में काफी सक्रियता दिखाई दी।
गाजियाबाद बना नए वोटर जोड़ने में नंबर-1
जिलावार आंकड़ों में गाजियाबाद सबसे आगे रहा। यहां 17 से 23 नवंबर के बीच कुल 57,981 फॉर्म-6 आवेदन प्राप्त हुए। प्रति मतदान स्थल आवेदन के औसत के हिसाब से भी गाजियाबाद 19.67 के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा।
इस मामले में खीरी 15.24 के औसत के साथ दूसरे और बाराबंकी 11.18 के औसत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा संभल, आगरा, सोनभद्र, कासगंज, कन्नौज, मैनपुरी और बुलंदशहर भी सबसे अधिक आवेदन वाले जिलों में शामिल रहे।
वहीं कम आवेदन वाले जिलों में बदायूं, जौनपुर, झांसी, बहराइच और हरदोई शामिल हैं। बदायूं में प्रति मतदान स्थल औसत 2.40, जौनपुर में 2.52 और झांसी में 2.59 फॉर्म-6 आवेदन दर्ज किए गए।
विधानसभा क्षेत्रों में भी गाजियाबाद का दबदबा
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में गाजियाबाद सीट सबसे आगे रही। यहां प्रति मतदान स्थल 24.28 फॉर्म-6 आवेदन का औसत दर्ज किया गया। लोनी विधानसभा क्षेत्र 22.47 के साथ दूसरे और मोदीनगर 21.23 के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
टॉप-10 विधानसभा क्षेत्रों में गाजियाबाद जिले की पांच और खीरी जिले की चार सीटें शामिल हैं। इससे पता चलता है कि इन दोनों जिलों में नए मतदाता पंजीकरण को लेकर विशेष सक्रियता रही।
इसके विपरीत प्रदेश की 56 विधानसभा सीटों पर प्रति मतदान स्थल तीन से भी कम फॉर्म-6 आवेदन मिले हैं। इनमें जौनपुर की सात, हरदोई और बदायूं की पांच-पांच विधानसभा सीटें शामिल हैं। सबसे कम औसत वाली सीटों में बलरामपुर की गैसड़ी, बहराइच की पयागपुर और जौनपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
2027 चुनाव से पहले मतदाता सूची पर आयोग की नजर
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्वाचन आयोग मतदाता सूची को अपडेट करने और पात्र लोगों को जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रहा है। खासतौर पर युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहने के निर्देश दिए गए थे। मतदाताओं की सुविधा के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 उपलब्ध कराए गए। साथ ही राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों, ग्राम प्रधानों, पार्षदों और सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ा गया।
28 और 29 नवंबर को फिर चलेगा विशेष अभियान
निर्वाचन आयोग अब 28 और 29 नवंबर को दोबारा विशेष अभियान दिवस आयोजित करेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में फॉर्म-6 आवेदन कम मिले हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाए।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकता है। वहीं मतदाता सूची में किसी तरह के संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
