भीषण ठंड से राहत की उम्मीद: IMD ने दी गुड न्यूज, जानें कब बढ़ेगा तापमान और कब कम होगी सर्दी
उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है। राजधानी दिल्ली से लेकर यूपी, बिहार, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और कश्मीर तक शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। दिल्ली में इस सीजन की सबसे भीषण ठंड दर्ज की गई, जहां आयानगर में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड से राहत के संकेत दिए हैं, लेकिन फिलहाल कुछ दिन और सर्दी सताएगी।
उत्तर भारत में रिकॉर्डतोड़ ठंड
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में इस सीजन की पहली और सबसे तेज शीतलहर देखने को मिली है। रात के समय तेज हवाओं के कारण ठंड और ज्यादा महसूस की जा रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिल रही है। यूपी-बिहार समेत पहाड़ी राज्यों में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे चल रहा है।
घना कोहरा बढ़ाएगा परेशानी
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि यूपी में 13 जनवरी तक भीषण ठंड पड़ सकती है। वहीं बिहार में 12 जनवरी, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में 16 जनवरी तक घने कोहरे की आशंका जताई गई है। दिल्ली में 17 जनवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
कई राज्यों में जारी रहेगी शीतलहर
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में 16 जनवरी तक शीतलहर चलने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 13 जनवरी तक कड़ाके की ठंड का असर रहेगा। पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में अगले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं महाराष्ट्र में अगले दो दिनों में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है।
कब मिलेगी ठंड से राहत
आईएमडी की मानें तो अगले तीन दिनों तक उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं होगी। हालांकि इसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। न्यूनतम तापमान बढ़ने से लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार चार-पांच दिनों बाद ठंड की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने लगेगी।
