क्या धनुष के साथ सात फेरे लेंगी मृणाल ठाकुर? वैलेंटाइन्स डे पर शादी की चर्चाओं ने बढ़ाई हलचल
मुंबई: बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लंबे समय से मृणाल ठाकुर और साउथ सुपरस्टार धनुष के रिश्ते को लेकर उड़ रही अफवाहों ने अब शादी की खबरों का रूप ले लिया है। कहा जा रहा है कि दोनों जल्द ही अपने रिश्ते को नाम देने वाले हैं, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वैलेंटाइन्स डे पर शादी की चर्चा
फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार मृणाल ठाकुर और धनुष इस साल 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन्स डे पर शादी के बंधन में बंध सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह शादी बेहद निजी होगी, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और चुनिंदा करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। हालांकि इस खबर पर न तो मृणाल और न ही धनुष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है।
पहले भी उड़ चुकी हैं रिलेशनशिप की अफवाहें
यह पहली बार नहीं है जब मृणाल और धनुष के रिश्ते को लेकर खबरें सामने आई हों। इससे पहले भी दोनों के अफेयर की चर्चाएं सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट गलियारों में सुर्खियां बन चुकी हैं, लेकिन दोनों कलाकारों ने हमेशा इन खबरों को सिरे से खारिज किया है।
मृणाल ने खुद बताया था धनुष को दोस्त
मृणाल ठाकुर ने ओनली कॉलीवुड को दिए एक इंटरव्यू में धनुष को अपना अच्छा दोस्त बताया था। उन्होंने अपने और धनुष को लेकर चल रही अफवाहों पर कहा था कि उन्हें नहीं पता ऐसी बातें कहां से आ जाती हैं और वह इन खबरों को काफी मजेदार मानती हैं।
सरदार 2 की स्क्रीनिंग को लेकर भी आई थी सफाई
जब धनुष के खास तौर पर चेन्नई से मुंबई आकर फिल्म ‘सरदार 2’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में शामिल होने को लेकर सवाल उठे थे, तब मृणाल ने साफ किया था कि इसे गलत तरीके से नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि इस स्क्रीनिंग के लिए अजय देवगन ने उन्हें खुद आमंत्रित किया था।
धनुष की पहली शादी और निजी जीवन
गौरतलब है कि धनुष इससे पहले ऐश्वर्या रजनीकांत के साथ शादी के बंधन में बंधे थे, जो सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी हैं। दोनों ने 18 साल की शादी के बाद साल 2022 में अलग होने का फैसला किया था। इस रिश्ते से उनके दो बेटे हैं, जिनकी परवरिश दोनों मिलकर कर रहे हैं।
मृणाल-धनुष की प्रोफेशनल लाइफ
कामकाज की बात करें तो मृणाल ठाकुर आने वाले समय में ‘डकैत’, ‘है जवानी तो इश्क होना है’, ‘दो दीवाने शहर में’ और ‘पूजा मेरी जान’ जैसी फिल्मों में नजर आएंगी। वहीं धनुष भी साउथ और बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं।
