देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आज होगी रवाना, पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, मालदा–साहिबगंज रेलखंड पर हाई अलर्ट

Vande-Bharat-Sleeper-1768623981817

मालदा/साहिबगंज: भारतीय रेलवे के इतिहास में शनिवार का दिन बेहद खास होने जा रहा है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का भव्य शुभारंभ आज किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से हावड़ा–गुवाहाटी (कामाख्या) वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर मालदा के साथ-साथ झारखंड के साहिबगंज रेलखंड में भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और रेल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

साहिबगंज स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा, हर गतिविधि पर नजर

प्रधानमंत्री के आगमन और उद्घाटन कार्यक्रम के मद्देनजर साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से मोर्चा संभाले हुए हैं। स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों की सघन जांच की जा रही है, वहीं यात्रियों और उनके सामान की भी बारीकी से तलाशी ली जा रही है।

सीसीटीवी से निगरानी, अतिरिक्त बल तैनात

संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए स्टेशन परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पूरे स्टेशन परिसर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की चूक न हो।

रेल प्रशासन पूरी तरह सतर्क

स्टेशन प्रबंधक गुड्डू साह ने बताया कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम भले ही मालदा में है, लेकिन सुरक्षा कारणों से साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।

पहली बार स्लीपर सुविधा के साथ दौड़ेगी वंदे भारत

अब तक वंदे भारत ट्रेनें केवल चेयर कार व्यवस्था में ही संचालित होती थीं, लेकिन लंबी दूरी के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने पहली बार स्लीपर वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का फैसला लिया है। इस ट्रेन की नियमित सेवा 18 जनवरी से हावड़ा और कामाख्या के बीच शुरू होगी, जिससे पूर्वोत्तर भारत की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है ट्रेन

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में स्लीपर के साथ एसी-1, एसी-2 और एसी-3 श्रेणी के कोच शामिल किए गए हैं। ट्रेन का इंटीरियर भारतीय संस्कृति से प्रेरित है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए ‘कवच’ ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम, इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट और स्वच्छता के लिए आधुनिक कीटाणुनाशक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। ट्रेन का एरोडायनामिक डिजाइन और ऑटोमैटिक दरवाजे इसे और भी आधुनिक बनाते हैं।

पीएम मोदी का पूरा कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जनवरी को दोपहर करीब 12:45 बजे मालदा पहुंचेंगे। इसके बाद वे मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। दोपहर करीब 1:45 बजे प्रधानमंत्री मालदा में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

हावड़ा–गुवाहाटी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के प्रमुख ठहराव

हावड़ा जंक्शन से शुरू होकर यह ट्रेन बंडेल जंक्शन, नाबाद्वीप धाम, कटवा जंक्शन, अज़ीमगंज, न्यू फरक्का जंक्शन, मालदा टाउन, अलुआबाड़ी रोड, न्यू जलपाईगुड़ी, जलपाईगुड़ी रोड, न्यू कूच बिहार, न्यू अलीपुरद्वार, न्यू बोंगाईगांव, रंगिया होते हुए कामाख्या स्टेशन पर अपनी यात्रा पूरी करेगी।

 

एक नज़र