पत्ते नहीं, डंठल और जड़ हैं धनिये के असली हीरो, शेफ रणवीर बरार ने बताया स्वाद का पूरा राज

How-to-use-coriander-in-cooking-1768621363260

नई दिल्ली: भारतीय रसोई में हरा धनिया लगभग हर सब्जी और ग्रेवी की शान माना जाता है। आमतौर पर बाजार से धनिया लाकर उसकी हरी-भरी पत्तियां तोड़ ली जाती हैं और डंठल व जड़ों को बेकार समझकर फेंक दिया जाता है, लेकिन यही आदत हमें खाने के असली स्वाद से दूर कर देती है। मशहूर शेफ रणवीर बरार के मुताबिक, धनिये का असली जादू उसकी पत्तियों में नहीं, बल्कि डंठलों और जड़ों में छिपा होता है, जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।

स्वाद का असली गणित क्या कहता है?

शेफ रणवीर बरार बताते हैं कि धनिये के कुल स्वाद का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा उसके डंठलों में होता है, जबकि बाकी का लगभग 20 प्रतिशत स्वाद उसकी जड़ों में छिपा रहता है। पत्तियां मुख्य रूप से खुशबू और सजावट का काम करती हैं। पत्तों में हल्की फूलों जैसी महक होती है, वहीं डंठलों में गहरा और तीखा फ्लेवर होता है, जो ग्रेवी और सब्जी के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। जड़ों का स्वाद थोड़ा वुडी यानी लकड़ी जैसा होता है, जो लंबे समय तक पकने वाले खाने में अलग ही गहराई जोड़ देता है।

पत्तों की भूमिका क्यों है अलग?

धनिये की पत्तियां देखने में भले ही सबसे आकर्षक लगती हों, लेकिन उनका काम मुख्य रूप से खुशबू देना होता है। ये जल्दी पकने पर अपना रंग और ताजगी खो देती हैं, इसलिए इन्हें पकाने की बजाय आखिर में डालना ज्यादा सही माना जाता है। इससे खाने में फ्रेशनेस बनी रहती है और डिश की खूबसूरती भी बढ़ती है।

किस हिस्से का कब करें सही इस्तेमाल?

धनिये के हर हिस्से का इस्तेमाल करने का सही समय होता है और यही बात आपके खाने के स्वाद को परफेक्ट बनाती है। शेफ रणवीर बरार के अनुसार, अगर आप ऐसी डिश बना रहे हैं जिसे लंबे समय तक पकाया जाता है, जैसे नॉनवेज करी या स्लो-कुक्ड ग्रेवी, तो उसमें धनिये की जड़ों का इस्तेमाल करना चाहिए। जड़ों का वुडी फ्लेवर लंबी कुकिंग में और निखरकर सामने आता है। वहीं 15 से 20 मिनट में पकने वाली सब्जियों और ग्रेवी के लिए धनिये के डंठल सबसे बेहतर होते हैं, क्योंकि उनका तेज स्वाद पूरे खाने में अच्छी तरह घुल जाता है।

आखिर में डालें पत्ते, तभी मिलेगा पूरा स्वाद

धनिये की पत्तियों का सबसे अच्छा इस्तेमाल तब होता है, जब खाना पूरी तरह बन चुका हो। आखिरी में डाली गई पत्तियां न सिर्फ खुशबू बढ़ाती हैं, बल्कि डिश को देखने में भी ज्यादा आकर्षक बना देती हैं। यही वजह है कि शेफ पत्तियों को गार्निश के तौर पर इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं।

 

एक नज़र