Amrit Bharat Train Update: यूपी-बिहार की किस्मत चमकी! 22-23 और 30 जनवरी से दौड़ेंगी 3 नई अमृत भारत एक्सप्रेस

Amrit-Bharat-(2)-1768836446634

पटना। रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है। पूर्व मध्य रेल के रास्ते तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के नियमित संचालन का ऐलान कर दिया गया है। इन ट्रेनों का सबसे बड़ा फायदा पटना, हाजीपुर और सोनपुर रेल मंडल से जुड़े यात्रियों को मिलने वाला है, जिससे राजधानी पटना का देश के बड़े महानगरों से रेल कनेक्शन और मजबूत होगा।

नई अमृत भारत ट्रेनों के शुरू होने से यूपी-बिहार के लाखों यात्रियों को तेज, किफायती और आधुनिक रेल सुविधा का विकल्प मिलेगा। रेलवे का मानना है कि इससे न सिर्फ यात्रा आसान होगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी गति मिलेगी।

हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस से दिल्ली की राह होगी आसान

पहली ट्रेन हावड़ा–आनंद विहार–हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस (13065/13066) है। यह सेवा धनबाद, गोमो, कोडरमा, गया और डीडीयू के रास्ते चलेगी। ट्रेन 22 जनवरी से हावड़ा से नियमित रूप से परिचालित होगी।

गया और डीडीयू जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरने के कारण यह ट्रेन पटना प्रमंडल के यात्रियों के लिए दिल्ली क्षेत्र तक पहुंचने का तेज और सुविधाजनक साधन बनेगी। गैर-वातानुकूलित प्रीमियम श्रेणी की इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए गए हैं।

बनारस–सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस, पटना को मिलेगी सीधी सौगात

दूसरी सेवा बनारस–सियालदह अमृत भारत एक्सप्रेस (22588/22587) की है, जो डीडीयू, पटना, जसीडीह और आसनसोल के रास्ते चलेगी। यह ट्रेन 23 जनवरी से बनारस से नियमित रूप से रवाना होगी।

इस ट्रेन का पटना जंक्शन पर ठहराव तय किया गया है, जिससे पटना के यात्रियों को बनारस और कोलकाता (सियालदह) के लिए सीधी, तेज और किफायती रेल सुविधा मिलेगी। यह अमृत भारत ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी और इसमें कुल 18 कोच होंगे।

डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस से बढ़ेगी पूर्वोत्तर कनेक्टिविटी

तीसरी ट्रेन डिब्रूगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस (15949/15950) है, जिसका नियमित परिचालन 30 जनवरी से शुरू होगा। यह ट्रेन कटिहार, बरौनी, हाजीपुर, छपरा और गोरखपुर के रास्ते चलेगी।

हाजीपुर और सोनपुर जैसे अहम जंक्शनों से होकर गुजरने वाली यह सेवा उत्तर बिहार और पटना क्षेत्र को पूर्वोत्तर भारत और लखनऊ क्षेत्र से बेहतर तरीके से जोड़ेगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा पहले से ज्यादा सुगम होगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अमृत भारत ट्रेनें आधुनिक सुविधाओं, बेहतर सीटिंग-स्लीपिंग व्यवस्था और किफायती किराए के साथ आम यात्रियों को प्रीमियम अनुभव देंगी। इन तीन नई ट्रेनों के संचालन से पटना की भूमिका राष्ट्रीय रेल नेटवर्क में और मजबूत होगी।

 

एक नज़र