‘घबराइए मत, हर समस्या का होगा समाधान’—गोरखपुर जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं 200 शिकायतें

cm-janta-1769486894719

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार देर शाम गोरखपुर पहुंचे और गोरखनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार सुबह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से सीधे संवाद किया। जनता की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने हर फरियादी को आश्वस्त किया कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है और हर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन, लोगों तक खुद पहुंचे मुख्यमंत्री
मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की शिकायतें सुनीं। कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के बीच स्वयं पहुंचकर उन्होंने एक-एक व्यक्ति से बातचीत की और प्रार्थना पत्र पढ़कर उनकी समस्याओं को समझा। मुख्यमंत्री ने अपनत्व के साथ लोगों से पूछा कि वे कहां से आए हैं और उन्हें किस समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों को सख्त निर्देश, समयबद्ध समाधान पर जोर
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर पीड़ित की समस्या का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जमीन कब्जे की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश
कुछ फरियादियों ने जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें रखीं, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर लोगों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

गंभीर बीमारियों के इलाज में सरकार देगी आर्थिक मदद
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज में धन की कमी बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजी जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जा सके।

बच्चों को दिया स्नेह, पढ़ाई के लिए किया प्रेरित
जनता दर्शन के दौरान परिजनों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्नेहपूर्वक बातचीत की। उन्होंने बच्चों को स्कूल जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और उन्हें चॉकलेट भी दी।

गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना और गोसेवा
मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परंपरागत दिनचर्या का पालन करते हुए गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया। इसके बाद मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोवंश का नाम लेकर पुकारा, उन्हें दुलारा और अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया।

मोर ‘पुंज’ पर भी लुटाया स्नेह
गोशाला में मुख्यमंत्री के पहुंचते ही एक मोर भी उनके पास आया, जिसे मुख्यमंत्री स्नेह से ‘पुंज’ कहकर पुकारते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोर को भी अपने हाथों से रोटी के छोटे टुकड़े खिलाए और उस पर स्नेह बरसाया।

 

एक नज़र