U19 World Cup: भारत के खिलाफ महामुकाबले से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका, स्टार विकेटकीपर मोहम्मद शयान टूर्नामेंट से बाहर

india-tv-2026-01-31t091652-1769831195

अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से ठीक एक दिन पहले पाकिस्तान टीम को बड़ा झटका लगा है। 1 फरवरी को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाने वाले इस अहम मैच से पहले पाकिस्तान के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद शयान चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। भारत के खिलाफ मैच से पहले शयान का बाहर होना पाकिस्तानी टीम के लिए किसी बड़े नुकसान से कम नहीं माना जा रहा है।

PCB ने जारी किया आधिकारिक बयान
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी करते हुए बताया कि पाकिस्तान अंडर-19 टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद शयान एक सिनेरियो-बेस्ड प्रैक्टिस मैच के दौरान चोटिल हो गए। विकेटकीपिंग करते समय तेज गेंदबाज की एक गेंद उनकी नाक पर जा लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जांच में नाक में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है, जिसके चलते उन्हें ICC अंडर-19 मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जल्द ही उनकी जगह रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के नाम का ऐलान किया जाएगा।

न्यूजीलैंड पर जीत के बाद भारत से मुकाबला
जारी अंडर-19 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन अब तक प्रभावशाली रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत में इंग्लैंड से हार झेलने के बाद पाकिस्तान ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन मुकाबले जीते हैं। अपने पिछले मैच में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराकर आत्मविश्वास मजबूत किया था। अब उनका अगला मुकाबला भारत से है, जो मौजूदा फॉर्म में बेहद मजबूत नजर आ रही भारतीय टीम के खिलाफ आसान नहीं माना जा रहा।

सेमीफाइनल से पहले वर्चुअल नॉकआउट मैच
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला यह मुकाबला सेमीफाइनल से पहले वर्चुअल नॉकआउट की तरह देखा जा रहा है। इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम को सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए सिर्फ जीत की जरूरत है, जबकि पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए जीत के साथ-साथ अपने नेट रन रेट में भी सुधार करना होगा। यानी पाकिस्तान को यह मुकाबला बड़े अंतर से जीतना जरूरी होगा।

सेमीफाइनल की एक जगह अभी खाली
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड पहले ही अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। अब सेमीफाइनल के लिए सिर्फ एक स्थान बचा हुआ है, जिसके लिए भारत और पाकिस्तान के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा।

 

एक नज़र