Mardani 3 Box Office Day 1: पहले ही दिन रानी मुखर्जी का दमदार असर, ओपनिंग डे पर कमाए 3.80 करोड़ रुपये

mardaani-3-1769797267

रानी मुखर्जी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘मर्दानी 3’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और रिलीज के साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। दर्शकों और समीक्षकों से फिल्म को मिलीजुली लेकिन ज्यादातर पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिल रही है। शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में रानी मुखर्जी की वापसी को लेकर फैन्स में खासा उत्साह देखने को मिला है। ओपनिंग डे पर ही फिल्म ने 3.80 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।

ट्रेड वेबसाइट सेकनिल्क के अर्ली एस्टिमेट आंकड़ों के मुताबिक, ‘मर्दानी 3’ ने पहले दिन 3.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। हालांकि ये शुरुआती आंकड़े हैं और देर रात तक इसमें और इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है।

मुंबई में दिखा सबसे ज्यादा असर
अभिराज मीनावाला के निर्देशन में बनी ‘मर्दानी 3’ की कहानी आयुष गुप्ते, दीपक किंगरानी और बलजीत सिंह मारवा ने लिखी है। फिल्म में रानी मुखर्जी के साथ जानकी बोदीवाला और मल्लिका प्रसाद अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। बॉक्स ऑफिस के लिहाज से फिल्म का ओपनिंग डे प्रदर्शन उम्मीद से थोड़ा कमजोर रहा, लेकिन कुछ शहरों में ऑक्यूपेंसी ठीक-ठाक दर्ज की गई।

सेकनिल्क के मुताबिक, फिल्म की सबसे ज्यादा ऑक्यूपेंसी मुंबई में देखने को मिली। ईवनिंग शोज में कुल 17.13 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जबकि सुबह के शोज में 8.97 प्रतिशत और दोपहर के शोज में 14.78 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही। शहरों की बात करें तो मुंबई में कुल 19.50 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जो सबसे ज्यादा रही। लखनऊ 17.33 प्रतिशत के साथ दूसरे नंबर पर रहा, जबकि सूरत में फिल्म को सबसे कमजोर रिस्पॉन्स मिला और यहां ऑक्यूपेंसी सिर्फ 4.67 प्रतिशत रही।

क्या है मर्दानी 3 की कहानी
‘मर्दानी 3’ की कहानी एक हाई-प्रोफाइल वीआईपी की बेटी और उसके घर में काम करने वाली नौकरानी की बेटी के किडनैप से शुरू होती है। रानी मुखर्जी एक बार फिर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में नजर आती हैं। ड्रग्स के लिए महिलाओं की तस्करी से जुड़े एक मामले में दमदार एंट्री के बाद शिवानी इस ‘बेटी को बचाने’ वाले केस की जांच अपने हाथ में लेती हैं।

जांच आगे बढ़ने के साथ शिवानी एक ऐसी साजिश में फंसती जाती हैं, जो जितनी खौफनाक है उतनी ही गहरी भी। एक के बाद एक अपराध सामने आते हैं, जिनकी जड़ें एक रहस्यमयी और डरावनी मैट्रिआर्क अम्मा, यानी मल्लिका प्रसाद के किरदार तक पहुंचती हैं। जैसे-जैसे शिवानी सच के करीब पहुंचती हैं, उन्हें एहसास होता है कि मामला उनकी सोच से कहीं ज्यादा बड़ा और गंभीर है। दबे हुए अपराध, सत्ता का दुरुपयोग, टूटते भरोसे और कड़वी सच्चाइयों को फिल्म की आत्मा के तौर पर पेश किया गया है।

रिव्यू और रेटिंग का हाल
फिल्म को क्रिटिक्स की ओर से भी मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। इंडिया टीवी के रिव्यू में ‘मर्दानी 3’ को 3.5 स्टार की रेटिंग दी गई है। अब देखना होगा कि आने वाले वीकेंड पर वर्ड ऑफ माउथ के दम पर फिल्म की कमाई में कितना उछाल आता है।

 

एक नज़र