Ramayana की स्टारकास्ट में हो सकती है एक और साउथ सुपरस्टार की एंट्री, विभीषण के रोल के लिए इस बड़े नाम पर नजर
नई दिल्ली। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ साल 2026 की सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिनी जा रही है। रणबीर कपूर जहां फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभाते नजर आएंगे, वहीं साई पल्लवी माता सीता के किरदार में दिखाई देंगी। माइथोलॉजिकल ड्रामा में पहले से ही कई बड़े सितारों की मौजूदगी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा चुकी है। अब इस फिल्म से जुड़ी एक नई रिपोर्ट ने फैंस की उम्मीदों को और हवा दे दी है।
विभीषण के किरदार के लिए विजय सेतुपति के नाम पर मंथन
ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स फिल्म में रावण के छोटे भाई विभीषण के रोल के लिए साउथ सुपरस्टार विजय सेतुपति को कास्ट करने पर विचार कर रहे हैं। ‘गांधी टॉक्स’ और ‘महाराजा’ जैसी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से पहचान बना चुके विजय सेतुपति को इस अहम किरदार के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता फिलहाल उनसे बातचीत कर रहे हैं, हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रामायण में विभीषण की भूमिका का महत्व
रामायण में विभीषण का किरदार बेहद अहम माना जाता है। वह रावण के भाई होने के बावजूद सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते हैं और धर्म युद्ध में भगवान राम का साथ देते हैं। यदि विजय सेतुपति इस भूमिका के लिए हामी भरते हैं, तो माइथोलॉजिकल सिनेमा में उनका यह अवतार दर्शकों के लिए खास आकर्षण बन सकता है।
फिल्म में कौन निभा रहा है कौन सा किरदार
‘रामायण’ की स्टारकास्ट पहले ही चर्चा में है। फिल्म में रणबीर कपूर श्रीराम और साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आएंगे। यश रावण का किरदार निभा रहे हैं, जबकि सनी देओल महाबली हनुमान के रोल में दिखाई देंगे। रवि दूबे लक्ष्मण, अरुण गोविल राजा दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, काजल अग्रवाल मंदोदरी और विक्रांत मैसी मेघनाद का किरदार निभाते नजर आएंगे।
दो भागों में रिलीज होगी भव्य फिल्म
मेकर्स इस मेगा बजट फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। पहला पार्ट इस साल दीवाली के मौके पर सिनेमाघरों में आने वाला है, जबकि दूसरा पार्ट 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का कुल बजट करीब 835 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
यश निभाएंगे दोहरी भूमिका, एआर रहमान का संगीत
इस फिल्म की खास बात यह भी है कि ‘केजीएफ’ स्टार यश इसमें सिर्फ अभिनेता ही नहीं, बल्कि को-प्रोड्यूसर की भूमिका भी निभा रहे हैं। फिल्म के संगीत की कमान ऑस्कर विजेता ए आर रहमान ने संभाली है। हाल ही में एक बातचीत में उन्होंने बताया था कि ‘रामायण पार्ट 1’ के म्यूजिक में संस्कृत श्लोकों और पवित्र भजनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
