UP Board Exam 2026: हिंदी के पेपर से आज शुरुआत, 20 केंद्रों पर पहली बार जैमर, 24 घंटे निगरानी में 8033 एग्जाम सेंटर

08_02_2025-up_board_exam_jagran_23881124-1763974510641-1769250185679-1771338789919_v

प्रयागराज: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 का आगाज बुधवार से हिंदी विषय के प्रश्नपत्र के साथ हो रहा है। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर तक कड़ा किया गया है। राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से पूरे परीक्षा काल के दौरान प्रदेश के सभी 8033 परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूम की 24 घंटे ऑनलाइन निगरानी की जा रही है।

दो पालियों में होगी परीक्षा, सुबह हाईस्कूल तो दोपहर में इंटर के छात्र देंगे पेपर

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक चलेगी, जिसमें हाईस्कूल के हिंदी और प्रारंभिक हिंदी विषय का पेपर होगा। वहीं दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित है, जिसमें इंटरमीडिएट के हिंदी और सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा कराई जाएगी।

इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में कुल 53,37,778 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जो प्रदेश भर के निर्धारित केंद्रों पर परीक्षा में शामिल होंगे।

20 परीक्षा केंद्रों पर पहली बार जैमर, संवेदनशील जिलों पर STF और LIU की नजर

परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के 20 परीक्षा केंद्रों पर पहली बार जैमर लगाए गए हैं। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के अनुसार, 18 संवेदनशील जिलों, 222 अति संवेदनशील और 683 संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की सूची एसटीएफ और एलआईयू को सौंपी गई है। इन सभी स्थानों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।

इतना ही नहीं, प्रत्येक संवेदनशील केंद्र का हर पाली में दो बार निरीक्षण करने के लिए विशेष टीमें भी तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

राज्य से लेकर जनपद स्तर तक कंट्रोल रूम सक्रिय, हर पेज पर रोल नंबर अनिवार्य

राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम के साथ-साथ बोर्ड के पांचों क्षेत्रीय कार्यालयों और प्रदेश के 75 जनपद मुख्यालयों पर बनाए गए कंट्रोल रूम से भी स्ट्रांग रूम और परीक्षा कक्षों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। परीक्षार्थियों के लिए निर्देश जारी किया गया है कि वे अपनी उत्तर पुस्तिका के प्रत्येक पृष्ठ पर अपना अनुक्रमांक अनिवार्य रूप से अंकित करें।

जेल में बंद 360 कैदी भी देंगे परीक्षा, नकल पर आजीवन कारावास तक का प्रावधान

बोर्ड परीक्षा में इस बार जेलों में निरुद्ध बंदी भी शामिल हो रहे हैं। कुल 176 कैदी हाईस्कूल और 184 कैदी इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे। इनके लिए जेल परिसर में बनाए गए आठ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी।

सचिव भगवती सिंह ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में नकल या नकल कराने की कोशिश करने वालों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कानून के तहत आजीवन कारावास और एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।

प्रदेश की सबसे बड़ी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन सुरक्षा, निगरानी और सख्ती के कड़े इंतजामों के बीच लाखों परीक्षार्थियों की परीक्षा यात्रा शुरू हो रही है।

 

एक नज़र