नेपाल ए पर 7 विकेट से जीत, भारत ए सेमीफाइनल में; पाकिस्तान से टक्कर की बन रही संभावना

india_1771318974368_1771319176832

महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत ए ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। थाईलैंड के बैंकॉक स्थित टेर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में भारत ए ने नेपाल ए को सात विकेट से हराकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। अब सेमीफाइनल में उसकी संभावित भिड़ंत पाकिस्तान ए से हो सकती है।

तनुजा-मिन्नू की फिरकी में फंसा नेपाल

सीनियर टीम की गेंदबाज तनुजा कंवर और मिन्नू मणि ने मैच में कहर बरपाया। बाएं हाथ की स्पिनर तनुजा ने 12 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि मिन्नू ने आठ रन खर्च कर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इन दोनों की धारदार गेंदबाजी के आगे नेपाल की पूरी टीम 18 ओवर में महज 78 रन पर सिमट गई।

नेपाल की ओर से सलामी बल्लेबाज बिंदू रावल (11) और समजना खड़का (28) ने कुछ देर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उनके आउट होते ही पारी बिखर गई। भारत की ओर से राधा यादव ने भी 17 रन देकर दो विकेट चटकाए और विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।

7.5 ओवर में लक्ष्य हासिल, दिनेश वृंदा की तूफानी पारी

79 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए के लिए काम आसान रहा। दिनेश वृंदा ने महज 18 गेंदों पर नाबाद 39 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें नौ चौके शामिल थे। भारत ने सिर्फ 7.5 ओवर में तीन विकेट खोकर 82 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ भारत ए के चार अंक हो गए हैं और टीम प्लस 3.042 के नेट रन रेट के साथ ग्रुप ए में टॉप पर पहुंच गई है।

सेमीफाइनल की रेस में पाकिस्तान से हो सकती है भिड़ंत

ग्रुप ए से दूसरी सेमीफाइनलिस्ट टीम का फैसला यूएई और पाकिस्तान ए के बीच होने वाले मुकाबले से होगा। यूएई के फिलहाल चार अंक हैं। अगर पाकिस्तान जीतता है तो दोनों टीमों के चार-चार अंक होंगे और नेट रन रेट के आधार पर फैसला होगा। यदि यूएई जीत दर्ज करता है तो वह छह अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच जाएगा और भारत दूसरे स्थान पर खिसक जाएगा।

डिफेंडिंग चैंपियन भारत ए ने अपने पहले मैच में यूएई से चौंकाने वाली हार झेली थी, लेकिन उसके बाद पाकिस्तान ए और नेपाल ए पर लगातार जीत दर्ज कर जोरदार वापसी की। कप्तान राधा यादव की अगुवाई में टीम ने नॉकआउट चरण में जगह बनाकर खिताबी दावेदारी मजबूत कर दी है।

 

एक नज़र