‘हथौड़ा त्यागी’ की रियल लाइफ पार्टनर पर टिकी सबकी नजरें, घुंघराले बाल और सादगी भरी मुस्कान से टीना नोरोन्हा ने लूटी महफिल
अपने दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाले अभिषेक बनर्जी एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनकी पत्नी टीना नोरोन्हा हैं। ‘पाताल लोक’ में ‘हथौड़ा त्यागी’ के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिषेक ने ‘स्टोलन’ से लेकर ‘स्त्री 2’ तक में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। हाल ही में उन्हें अपनी पत्नी के साथ स्पॉट किया गया, जिसके बाद टीना नोरोन्हा की सादगी, खूबसूरती और स्टाइल ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया।
सिंपल लुक में भी छा गईं टीना, वीडियो देख यूजर्स हैरान
सेलिब्रिटी पैपराजी द्वारा साझा किए गए वीडियो में अभिषेक बनर्जी अपनी पत्नी टीना नोरोन्हा के साथ नजर आए। इस दौरान टीना ग्रे टॉप और ब्लैक स्कर्ट में दिखीं, वहीं अभिषेक ब्राउन पैंट और व्हाइट टी-शर्ट में कैजुअल अंदाज में नजर आए। दोनों ने साथ में कैमरे के सामने पोज दिए और आगे बढ़ गए। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने टीना की खूबसूरती की तारीफ करते हुए सवाल उठाया कि वह फिल्मों से दूर क्यों हैं, जबकि कुछ ने उन्हें बॉलीवुड अभिनेत्रियों से भी ज्यादा आकर्षक बताया।
फोटोशूट से शुरू हुई कहानी, छह महीने बाद बना रिश्ता
अभिषेक बनर्जी और टीना नोरोन्हा की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात एक फोटोशूट के दौरान हुई थी, जहां टीना बतौर मॉडल और डिजाइनर काम कर रही थीं। शुरुआती दौर में टीना ने अभिषेक में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई, लेकिन अभिषेक ने लगातार संपर्क बनाए रखा और अपनी भावनाओं को ईमानदारी से व्यक्त किया। करीब छह महीनों बाद टीना ने भी अपने दिल की बात कही, जिसके बाद दोनों के रिश्ते ने एक नया मोड़ लिया। साल 2014 में दोनों ने शादी कर ली।
लाइमलाइट से दूर, अपने क्षेत्र में बनाई अलग पहचान
फैशन इंडस्ट्री से जुड़ी होने के बावजूद टीना नोरोन्हा ने फिल्मी दुनिया से दूरी बनाए रखी है। वह इंटीरियर डिजाइन और आर्किटेक्चर के क्षेत्र में सक्रिय हैं और अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। उनका आत्मविश्वास, सादगी और स्टाइल सेंस उन्हें खास बनाता है। यही वजह है कि जब भी वह सार्वजनिक रूप से नजर आती हैं, तो उनकी मौजूदगी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है।
