देवर ने भाभी को कुल्हाड़ी से काट डाला; बीमे की रकम के लिए मर्डर, पति की सड़क हादसे में मौत हुई थी
बहराइच जिले में बीमे की रकम के लिए एक युवक ने अपनी भाभी को कुल्हाड़ी से मार डाला। मृतका के पति की एक वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी उसी का क्लेम पीड़िता को मिला था। जमीन के बंटवारे को भी लेकर युवक भाभी से नाराज था। आरोपी और उसकी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना गुरुवार देर रात मुर्तिहा कोतवाली के धर्मापुर गांव की है। यहां रहने वाली आरती देवी (35) के पति की एक वर्ष पूर्व हादसे में मृत्यु हो गयी थी। किसान बीमा योजना के तहत उसे पांच लाख रुपए मिले थे। पति के नाम की जमीन भी उसके नाम आ गयी थी।
बीमा क्लेम के लिए भाभी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या
आरोपी देवर और देवरानी इसमें बंटवारे की बात कह रहे थे। इसे आरती नहीं मान रही थी। इसी बात पर वह अक्सर मारपीट करता था। गुरुवार रात आरती किसी रिश्तेदारी में जाने की तैयारी में थी। इस बीच देवर पहुंचा और आरती से मारपीट करने लगा। विरोध पर पत्नी के साथ मिलकर आरती का हाथ-पैर बांध दिया। आरती गिर पड़ी तो उस पर पत्नी के साथ कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। चेहरे, गले, शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कुल्हाड़ी से वारकर मार डाला। जैसे ही इसकी भनक लोगों को लगी तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस, फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर तहकीकात की है। कोतवाल राम नरेश ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर मृतका के देवर और देवरानी को गिरफ्तार कर लिया है।
एक साल पहले सड़क हादसे में हुई थी पति की मौत
वहीं इस मामले में मृतका के भाई ने बताया कि बहन के पति की मौत हो गई थी। एक साल पहले उसके बीमा का पैसा आया था। उसका देवर दिनेश उसी पैसे को मांग रहा था। पैसे के चलते उसने बहन पर हमला कर उसके कान व गले को काट डाला। बहन घर में अकेली रहती थी। उसको कोई बच्चे नहीं था । सड़क दुर्घटना में पति की मौत के बाद पांच लाख का क्लेम मिला था।
हत्या की घटना से इलाक में हड़कंप
इस घटना के बाद से गांव में हड़ंकप मचा हुआ है। चर्चा है कि पैसों के लालच में कोई इस हद तक भी जा सकता है कि अपनी ही भाभी की हत्या कर दे। जिसके पति का मौत एक साल पहले ही हुई हो। बीमा क्लेम और जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में इस तरह इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। उसकी चर्चा पूरे जिले में हैं।
