यूपी के बलरामपुर नगर पालिका को मिली विकास की बड़ी सौगात, 3.63 करोड़ की योजनाओं से बदलेगा शहर का स्वरूप
बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में आदर्श नगर पालिका परिषद को विकास के लिहाज से बड़ी सौगात मिली है। नगर के समग्र विकास को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 3 करोड़ 63 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस फैसले से लगभग सवा लाख आबादी को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
पार्क, सड़क और जलनिकासी पर खास फोकस
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू के प्रयासों से स्वीकृत इन विकास कार्यों में पार्क निर्माण, सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था, घाट सुंदरीकरण और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार शामिल है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इन सभी परियोजनाओं को बरसात से पहले पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जलभराव और गंदगी जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।
आधुनिक पार्क और धार्मिक स्थलों का होगा विकास
उपवन योजना के तहत पूरब टोला वार्ड में शिव मंदिर के पास करीब 1.42 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पार्क बनाया जाएगा। इस पार्क में हरियाली, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और पथ निर्माण जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
वहीं बंधन योजना के तहत भगवतीगंज दक्षिणी वार्ड में शिव मंदिर परिसर के विकास के लिए 1.20 करोड़ रुपये से अधिक की योजना को मंजूरी दी गई है। इसमें विश्राम स्थल, हवन कुंड, घाट सुंदरीकरण, सीसी कार्य, जल निकासी और बेंच जैसी सुविधाएं शामिल होंगी, जिससे धार्मिक स्थलों की सुंदरता और सुविधाएं दोनों बढ़ेंगी।
सड़कों और जलनिकासी व्यवस्था में सुधार
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत शहर की प्रमुख सड़कों के निर्माण और मरम्मत पर भी ध्यान दिया जा रहा है। चौक से मेजर चौराहा होते हुए काली माई और थाना तक सीसी रोड निर्माण के लिए 36 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा तुलसीपुर रोड से एमआरएफ तक सड़क निर्माण भी प्रस्तावित है।
इन कार्यों से शहर में आवागमन सुगम होगा और बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या में कमी आएगी।
बरसात से पहले बड़े स्तर पर काम पूरा करने की तैयारी
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क, नाली और खड़ंजा मार्गों का व्यापक स्तर पर कायाकल्प किया जाएगा। जर्जर सड़कों की मरम्मत, नई सीसी सड़कों का निर्माण और नालियों की सफाई व पुनर्निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है।
अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने कहा कि सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे, जिससे शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक बनाया जा सके।
