PM मोदी आज रात 8:30 बजे देश को करेंगे संबोधित, महिला आरक्षण बिल पर दे सकते हैं बड़ा संदेश; संसद में हंगामे के बाद सियासी बयानबाजी तेज

pm-narendra-modi-4

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि अपने इस संबोधन में प्रधानमंत्री हाल ही में संसद में चर्चा में रहे महिला आरक्षण विधेयक और उससे जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर बात कर सकते हैं। इसके साथ ही विपक्ष के रुख को लेकर भी वे अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं।

लोकसभा में बिल गिरने के बाद तेज हुआ सियासी विवाद

गौरतलब है कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर दो दिन तक चली लंबी बहस के बाद मतदान हुआ, लेकिन यह लोकसभा में पारित नहीं हो सका। विधेयक के समर्थन में 298 वोट पड़े, जबकि 230 सांसदों ने इसके खिलाफ मतदान किया। पर्याप्त बहुमत न मिलने के चलते यह विधेयक गिर गया, जिसके बाद राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया।

पक्ष और विपक्ष में तीखी बयानबाजी

विधेयक के गिरने के बाद सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली। भारतीय जनता पार्टी ने इसे ‘काला दिन’ बताते हुए विपक्ष पर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। वहीं विपक्षी दलों ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरा मामला राजनीतिक लाभ के लिए तैयार किया गया था और सरकार इसमें देरी कर रही है।

बीजेपी का विपक्ष पर हमला

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों को देश की महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह विधेयक महिलाओं को ऐतिहासिक प्रतिनिधित्व देने के लिए था, जिसका विरोध समझ से परे है। वहीं केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने आरोप लगाया कि विपक्ष के रुख से महिला सशक्तिकरण और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व दोनों को नुकसान पहुंचा है।

कांग्रेस और सहयोगी दलों का पलटवार

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह विधेयक संघीय ढांचे को बदलने की साजिश था और इसका गिरना लोकतंत्र और विपक्षी एकता की जीत है। वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने स्पष्ट किया कि विपक्ष महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने पर आपत्ति है।

समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव ने भी विधेयक की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पर्याप्त बहुमत नहीं था, तब इसे लाने का औचित्य क्या था।

अब पीएम मोदी के संबोधन पर टिकी नजरें

इन तमाम सियासी बयानबाजी के बीच अब सभी की निगाहें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज रात होने वाले संबोधन पर टिकी हैं, जिसमें वे इस पूरे मुद्दे पर सरकार का पक्ष और आगे की रणनीति को लेकर संदेश दे सकते हैं।

 

एक नज़र