UP Board Result 2026: 52 लाख छात्रों का इंतजार खत्म होने के करीब, 25 अप्रैल के बाद कभी भी जारी हो सकता है रिजल्ट; डिजीलॉकर पर भी मिलेगी मार्कशीट

2026_4image_09_08_409850333upboardresult2026-ll

प्रयागराज से बड़ी खबर सामने आ रही है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंचा चुका है। बोर्ड से जुड़े सूत्रों के मुताबिक 52 लाख से अधिक छात्रों का इंतजार 25 अप्रैल के बाद किसी भी दिन खत्म हो सकता है। मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है और अब अंतिम चरण में डेटा एंट्री, अंकों का मिलान और सत्यापन का काम तेजी से जारी है।

52 लाख से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा, 8033 केंद्रों पर हुआ आयोजन
इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में प्रदेशभर से 52 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक 8033 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गईं। पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी गई, जबकि लखनऊ और प्रयागराज स्थित कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से लाइव मॉनिटरिंग भी की गई।

मूल्यांकन कार्य पूरा, 1.52 लाख शिक्षकों की रही भूमिका
बोर्ड सचिव भगवती सिंह के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके लिए प्रदेशभर में 254 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे, जहां लगभग 1.52 लाख शिक्षकों को तैनात किया गया था। इनमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों स्तर के परीक्षक शामिल थे। कुल मिलाकर करीब 2.80 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन निर्धारित समय में पूरा किया गया।

ऑनलाइन वेबसाइट और डिजीलॉकर पर मिलेगी डिजिटल मार्कशीट
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्र अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट upresults.nic.in पर रोल नंबर के माध्यम से देख सकेंगे। इसके अलावा डिजीलॉकर और उमंग ऐप पर भी डिजिटल मार्कशीट उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे छात्रों को तुरंत और आसानी से परिणाम प्राप्त हो सकेगा।

रिजल्ट के बाद आगे की प्रक्रिया भी तय
परिणाम जारी होने के बाद स्क्रूटनी, अंक सुधार और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी। सफल छात्रों के लिए उच्च शिक्षा और व्यावसायिक कोर्स में प्रवेश की प्रक्रिया तेज की जाएगी, जबकि असफल छात्रों के लिए पूरक परीक्षा और विशेष कक्षाओं की व्यवस्था भी की जाएगी।

सर्वर क्षमता बढ़ाई गई, अफवाहों से बचने की अपील
रिजल्ट जारी होने के दिन वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक को देखते हुए सर्वर क्षमता बढ़ा दी गई है और तकनीकी टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और विश्वसनीय माध्यमों से ही परिणाम देखें और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से दूर रहें।

बेहतर परिणाम की उम्मीद, शिक्षा विभाग की तैयारियां तेज
शिक्षा विभाग ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि परिणाम जारी होते ही समीक्षा बैठकें की जाएं और जिलेवार प्रदर्शन का विश्लेषण किया जाए। कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों के लिए विशेष शैक्षिक योजनाएं तैयार की जाएंगी।

 

एक नज़र