गोरखपुर में जनता दरबार: CM योगी ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, बच्चों से की बातचीत और बांटी चॉकलेट, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

download (1)

गोरखपुर, 06 मई 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों अपने गोरखपुर दौरे पर हैं। बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में 200 मामलों की सुनवाई, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन के दौरान एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और सभी मामलों का शीघ्र समाधान किया जाए।

बच्चों से की बातचीत, पूछा स्कूल जाते हो या नहीं

जनता दर्शन के दौरान एक महिला अपने दो बच्चों के साथ पहुंची, जिन्हें देखकर मुख्यमंत्री का स्वभाविक स्नेह झलक उठा। उन्होंने बच्चों से बातचीत करते हुए पूछा कि क्या वे स्कूल जाते हैं और दोनों में से बड़ा कौन है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित रूप से स्कूल जाया करें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से बच्चों को चॉकलेट भी दी, जिससे वहां मौजूद लोग भावुक हो गए।

मां भी हुई भावुक, सरल व्यवहार की हुई सराहना

मुख्यमंत्री के इस सहज और स्नेहपूर्ण व्यवहार को देखकर बच्चों की मां भी भावुक हो गईं। वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी मुख्यमंत्री के सरल और आत्मीय व्यवहार की सराहना की।

लंबे समय से चल रही है जनता दर्शन की परंपरा

गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ जब गोरखपुर से सांसद थे, तब से ही जनता दर्शन की यह परंपरा चली आ रही है। 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद भी यह व्यवस्था लगातार जारी है। जब भी वे गोरखपुर में रहते हैं, गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनते हैं।

हर वर्ग की समस्याओं पर होती है सुनवाई

जनता दर्शन में आने वाले लोग किसी भी समुदाय से हों, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाता है। यहां मुख्य रूप से घरेलू विवाद, भूमि विवाद, स्वास्थ्य संबंधी मामले, आर्थिक समस्याएं और प्रशासनिक शिकायतें सामने आती हैं। मुख्यमंत्री संबंधित अधिकारियों और पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हैं।

 

एक नज़र