UP Weather: यूपी में 13-14 मई को फिर बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश का अलर्ट जारी; 20 मई के बाद बढ़ेगी भीषण गर्मी, नौतपा में 44 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

ANI-20260427355-0_1778335463501_1778335472288

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। प्रदेश में 13 और 14 मई को आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ रविवार को सक्रिय होगा, हालांकि इसका असर उत्तर प्रदेश में कुछ देर से देखने को मिलेगा। फिलहाल 15 मई तक लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं, लेकिन इसके बाद तापमान तेजी से बढ़ सकता है।

शनिवार को दिन और रात दोनों के तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 37.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री से बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस हो गया। रात के तापमान में 5.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

20 मई के बाद तेज गर्मी और लू का दौर शुरू होने के संकेत

मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 20 मई तक पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो सकता है। इसके बाद उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं चलने लगेंगी और लू का प्रभाव बढ़ेगा। तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है, जिससे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार नौतपा के दौरान गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है। 25 मई से नौतपा की शुरुआत मानी जा रही है और इस दौरान तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष में सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के बाद शुरुआती नौ दिनों को नौतपा कहा जाता है।

मौसम वैज्ञानिकों ने जताई तेज तपिश की आशंका

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक 15 से 20 मई के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने या थमने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो नौतपा के दौरान गर्मी बेहद तीखी हो सकती है।

वहीं चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि फिलहाल आसमान साफ बना हुआ है, लेकिन अगले दो से तीन दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि अभी भारी बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि 13 और 14 मई को गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

तापमान में उतार-चढ़ाव से बढ़ रही स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां

मौसम में लगातार बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। बारिश के बाद तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार तापमान के इस उतार-चढ़ाव से शरीर की मांसपेशियों में सिकुड़न और फैलाव बढ़ रहा है, जिससे बदन दर्द जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।

इसके साथ ही बारिश के बाद संक्रामक बीमारियों और पेट संबंधी संक्रमण का खतरा भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार 15 मई तक बादल, आंधी और हल्की बारिश के चलते तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। इसके बाद मौसम साफ होने पर दिन का पारा 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। यानी मई के दूसरे पखवाड़े में प्रदेशवासियों को तेज और झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

 

एक नज़र