बंगाल में भी लागू होगा ‘योगी मॉडल’, अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई; भाजपा सरकार गठन को लेकर बोले मंत्री दानिश अंसारी
उत्तर प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन को ऐतिहासिक बदलाव बताते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में भी ‘योगी मॉडल’ के तहत कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उनके मुताबिक सत्ता परिवर्तन के साथ राज्य में सुशासन और विकास के नए दौर की शुरुआत हो चुकी है।
दानिश अंसारी ने कहा कि भाजपा नेता सुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उन्हें भगवा पटका पहनाना केवल सांस्कृतिक परंपरा नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद और सुशासन के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत किया, उसी तरह पश्चिम बंगाल में भी सुरक्षा और विकास का नया मॉडल लागू किया जाएगा।
‘भगवा अब बंगाल में सुशासन की पहचान बनेगा’
राज्यमंत्री ने कहा कि भगवा अब पश्चिम बंगाल में विकास, सुरक्षा और सुशासन की नई पहचान बनेगा। उन्होंने दावा किया कि जिस प्रकार उत्तर प्रदेश में अपराध और माफिया राज पर प्रभावी कार्रवाई हुई, उसी तरह बंगाल में भी अपराधियों की कमर तोड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अपराध, दंगे, भ्रष्टाचार और माफियाओं का बोलबाला था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हालात बदले और कानून का राज स्थापित हुआ। अब वैसा ही बदलाव पश्चिम बंगाल में भी देखने को मिलेगा।
ममता सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप
दानिश अंसारी ने पश्चिम बंगाल की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के शासनकाल में हिंदू और मुस्लिम समाज के बीच विभाजन पैदा किया गया। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के चलते सामाजिक दूरी बढ़ी और आम जनता को भ्रष्टाचार तथा अत्याचार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुस्लिम समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया गया। उनके अनुसार मुस्लिम समाज को तुष्टिकरण नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और समान अवसरों की आवश्यकता है।
‘सबका साथ, सबका विकास’ के एजेंडे पर काम करेगी भाजपा
राज्यमंत्री ने कहा कि भाजपा बिना किसी भेदभाव के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर पश्चिम बंगाल में भी विकास, सुरक्षा और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी ताकि हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं और विकास का लाभ पहुंच सके।
